scriptयदि पानी को नहीं बचाया, तो 2060 में तरसेंगे लोग, केन्द्रीय राज्यमंत्री ने किया बड़ा खुलासा | Union Minister of Water Power big disclosure for water | Patrika News

यदि पानी को नहीं बचाया, तो 2060 में तरसेंगे लोग, केन्द्रीय राज्यमंत्री ने किया बड़ा खुलासा

locationआगराPublished: Sep 07, 2019 07:56:20 pm

रतन लाल कटारिया ने शनिवार को केन्द्रीय जल आयोग के अधिकारियों के साथ केन्द्रीय जल आयोग कार्यालय पर बैठक की।

यदि पानी को नहीं किया संरक्षित, तो 2060 में पानी के लिए तरसेंगे लोग, केन्द्रीय राज्यमंत्री ने किया बड़ा खुलासा

यदि पानी को नहीं किया संरक्षित, तो 2060 में पानी के लिए तरसेंगे लोग, केन्द्रीय राज्यमंत्री ने किया बड़ा खुलासा

आगरा। आगरा आये केन्द्रीय राज्यमंत्री जलशक्ति, समाजिक न्याय व अधिकारिता, भारत सरकार रतन लाल कटारिया ने शनिवार को केन्द्रीय जल आयोग के अधिकारियों के साथ केन्द्रीय जल आयोग कार्यालय पर बैठक की। बैठक में मध्य गंगा नहर परियोजना व अर्जुन सहायक परियोजना की प्रजेंटेशन के बाद उन्होंने इन परियोजनाओं में शेष कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिये।
ये बोले केन्द्रीय राज्यमंत्री
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भारत में दुनियां की 16 फीसद जनसंख्या निवास करती है, जबकि दुनियां का चार फीसद पानी भारत के पास है। जिसमें से तीन फीसद पानी खारा है केवल एक फीसद पानी मीठा है। इस एक फीसद मीठे पानी का 0.80 फीसद कृषि के कार्य में व 0.07 फीसद औद्योगिक इकाइयों में उपयोग किया जाता है। इस प्रकार 130 करोड़ जनता के लिये मात्र 0.13 फीसद पानी उपयोग के लिये प्राप्त होता है। वर्षा जल का केवल आठ फीसद पानी ही संरक्षित हो रहा है। ऐसे में केन्द्र सरकार ने जलशक्ति अभियान की शुरूआत की है, जिसका उद्देश्य पानी के संचय के नये-नये तरीके अपनाकर वर्षा जल संचयन को आठ फीसद से और अधिक बढ़ाना है। केन्द्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया ने बताया कि 40 लीटर पानी प्रति व्यक्ति को उपलब्ध हो पा रहा है, जबकि लक्ष्य प्रति व्यक्ति 55 लीटर पानी का है। नल के माध्यम से वर्ष-2024 तक देश की 13.5 करोड़ घरों तक पानी पहुंचाने की तैयारी है, जबकि वर्तमान में हम केवल 3.5 करोड़ घरों तक ही नल से जल उपलब्ध हो पा रहा है।
प्राकृतिक संसाधनों से दूर होगा संकट
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भारत की आबादी वर्ष-2060 तक 164 करोड़ हो जाएगी, जो चीन की आबादी को भी पार कर जाएगी। वर्ष-2060 तक 50 फीसद जनसंख्या गांव में व 50 फीसद जनसंख्या शहर में निवास करने लगेगी। वर्ष-2019 की तुलना में वर्ष-2060 में पानी की मांग 3 गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि जलसंचयन के लिए पौधारोपण, पुराने तालाबों का जीर्णोंद्धार, तालाबों की खुदाई व रैन वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर दिया जा रहा है। नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत गंगा की धारा को अविरल व स्वच्छता प्रदान करने के लिये निरन्तर कार्य किया जा रहा है। कानपुर के आस-पास के चमड़े के कारखाने पर शिकंजा कसने से सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। गंगाजल में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ी है। हरिद्वार में भी वह जलशक्ति अभियान के कार्यों को निरीक्षण कर चुके हैं।
प्रयोगशाला का किया निरीक्षण
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने आगरा स्थित कार्यालय केन्द्रीय जल आयोग में प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न नमूने लेकर पानी की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर तक सारा देश 100 फीसद ओडीएफ हो जाएगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती पर सिंगल यूज प्लास्टिक को समाप्त करने के अभियान की शुरुआत की जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
केन्द्रीय राज्यमंत्री की बैठक में चीफ इंजीनियर अशोक कुमार गोयल, अधिशासी अभियन्ता मनोज कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो