मृतकों के परिजनों को जल्द मिले आर्थिक सहायता: इटालिया आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जहरीली शराब प्रकरण को लेकर बुधवार को सबसे ज्यादा प्रभावित बोटाद जिले की रोजिद गांव का दौरा किया। वे यहां मृतक के परिजनों से मिले। मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार को इस दु:ख के समय में सांत्वना दी।
उन्होंने बताया कि इस गांव में अब तक 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इटालिया के मुताबिक मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। ताकि उनके बच्चों और परिवार के सदस्यों को आर्थिक मदद मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी दुखद घटना के बावजूद इन दोनों नेताओं ने मानवता की दृष्टि से भी मृतकों के प्रति सहानुभूति नहीं दिखाई है। ये नेता छोटी-छोटी बातों पर ट्वीट तो कर रहे हैं, लेकिन शराब कांड के मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। इटालिया के अनुसार सरकार ने शराब कांड को केमिकल कांड बना दिया है।