scriptतीन मंजिला मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन सहित चार की मौत | Ahmedabad: House collapses, four death | Patrika News

तीन मंजिला मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन सहित चार की मौत

locationअहमदाबादPublished: Sep 05, 2019 11:41:15 pm

Submitted by:

Omprakash Sharma

अहमदाबाद के अमराईवाडी की घटना, आठ घायल, लगभग सौ वर्ष पुराना था मकान

तीन मंजिला मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन सहित चार की मौत

तीन मंजिला मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन सहित चार की मौत

अहमदाबाद. शहर के अमराईवाडी क्षेत्र में स्थित बंगलावाली चाली में करीब सौ वर्ष पुराना मकान गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अचानक ढह गया। मकान ढहने से चार जनों की मौत हो गई वहीं आठ अन्य जख्मी हो गए।
मृतकों में तीन एक ही परिवार के बताए जाते हैं। इनमें एक वृद्ध दंपत्ति व उनका पुत्र भी शामिल है। दिनभर मशक्कत करने के बाद आठ जनों को मलबे से निकाला गया। इन घायलों को निकटवर्ती मणिनगर स्थित महानगरपालिका संचालित एल जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमराईवाडी में जनतानगर के पास बंगलावाली चाली में तीन मंजिला मकान दोपहर को धराशायी हो गया। सूचना पाकर पहुंची फायरब्रिगेड और पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मकान के मलबे से एक के बाद एक कुल ११ लोगों को निकाला गया।
संकरी गली होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी

बंगलावाली चाली में जिस जगह मकान गिरा था वह संकरी गली में था। इससे फायरब्रिगेड और पुलिस को राहत बचाव में काफी परेशानी हुई। मकान धराशायी होने के बाद आसपास के मकानों को भी खाली करवाया गया। समाचार लिखे जाने तक बचाव कार्य जारी था। घटना स्थल पर फायरब्रिगेड की टीम के अलावा सौ से अधिक पुलिस जवान व अन्य बचाव दल के लोगों ने भी मशक्कत की।
जर्जरित मकान होने के बावजूद नोटिस नहीं!

करीब सौ वर्ष पुराना मकान होने के कारण यह काफी जर्जरित अवस्था में था। लोगों का आरोप है कि इसके बावजूद महानगरपालिका की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की गई। आमतौर पर इस तरह की इमारतों के लिए नोटिस जारी किए जाते हैं तो इस इमारत के लिए नोटिस क्यों नहीं जारी किया गया।
देर रात निकाला जा सका एक शव

इस घटना में एक शव देर रात को निकाला जा सका। इस हादसे में जिन चार जनों की मौत हुई है उनमें वृद्ध दंपत्ति और ५५ वर्षीय पुत्र के अलावा एक पड़ोसी महिला बताई जा रही है। ५५ वर्षीय व्यक्ति का शव देर रात निकाला गया। मकान के मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है। फायरब्रिगेड व स्थानीय लोग बचाव कार्य में देर रात तक लगे रहे।
जगदीश राठौड़, स्थानीय पार्षद, अहमदाबाद मनपा


मलबा ज्यादा होने के कारण देरी तक बचाव कार्य

फायरब्रिगेड की कई टीमों ने मशक्कत कर लोगों को बचाया। देर रात तक तीन गाडिय़ों और विविध टीमों के माध्यम से कार्रवाई की गई। मलबा अधिक होने के कारण देर रात तक बचाव कार्य किया गया।
राजेश भट्ट, चीफ एडिशनल फायर ऑफिसर


मृतकों के नाम

बलदेव सुरी (८५)
विमलाबेन बलदेव सुरी (७५)
पप्पू सुरी (५५)
आशाबेन (३६)

घायलों की सूची
रूपाबेन मनीषभाई (२५)
सुमनबेन सुरेन्द्रभाई (२५)
सृष्टि मनीष (११)
रीटाबेन सुनीलकुमार (५५)
सत्यम हेमप्रकाश पटेल (१८)
आंचल राजकुमार सरोज (८)
विजय मोढ (२५)
रेखाबेन राहुल पटेल (३३)

ट्रेंडिंग वीडियो