अहमदाबाद

अहमदाबाद की नई महापौर बीजल पटेल

दिनेश मकवाणा उपमहापौर तथा स्टेंडिंग कमेटी के अध्यक्ष अमूल भट्ट

अहमदाबादJun 14, 2018 / 10:44 pm

Omprakash Sharma

अहमदाबाद की नई महापौर बीजल पटेल

अहमदाबाद. शहर की नई महापौर के रूप में बीजल पटेल ने पदभार संभाल लिया। बीजलबेन पटेल अहमदाबाद शहर की ४१वीं और पांचवीं महिला महापौर बनी हैं। महानगरपालिका बोर्ड की गुरुवार सुबह हुई बैठक में उपमहापौर के रूप में दिनेश मकवाणा और स्थायी समिति (स्टेंडिंग समिति) के अध्यक्ष के रूप में अमूल भट्ट समेत मनपा के अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।
मनपा के अक्टूबर २०१५ में हुए चुनाव को ढाई वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद गुरुवार को दूसरे और अंतिम टर्म के लिए नए महापौर समेत पदाधिकारियों की घोषणा की गई। सुबह दस बजे आयोजित हुई मनपा बोर्ड की बैठक में पालडी वार्ड की पार्षद बीजल पटेल को महापौर बनाया गया। इसके अलावा सैजपुर बोघा वार्ड के पार्षद दिनेश मकवाणा को उपमहापौर तथा मणिनगर वार्ड के पार्षद अमूल भट्ट को स्थायी समिति के चेयरमैन के रूप में घोषणा की गई है। हालांकि बोर्ड की बैठक में नाम की घोषणा मात्र औपचारिकता ही थी। इससे पहले भाजपा की बैठक में ही इन पदों के लिए निर्णय ले लिया गया था, जिसमें शासक पक्ष के नेता के रूप में वासणा वार्ड के पार्षद अमित शाह तथा सचेतक के रूप में वेजलपुर वार्ड के पार्षद राजूभाई ठाकोर की नियुक्ति की गई है। स्टेंडिग कमेटी के बारह सदस्यों के नाम की भी घोषणा की जा चुकी है।
चर्चा है कि आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मनपा के पदाधिकारियों के चयन में जाति आधारित समीकरण अपनाए गए हैं। भाजपा ने महापौर के पद पर पटेल तो उपमहापौर के पद पर पिछड़ा वर्ग का चयन किया है। इसके अलावा मनपा के अन्य शीर्ष पदों पर भी जातिगत राजनीति अपनाई गई है। वहीं ब्राह्मण समाज से अमूल भट्ट पर मुहर लगाई गई।
कांग्रेस ने महापौर के लिए पलक पटेल का रखा था प्रस्ताव
मनपा बोर्ड की बैठक में औपचारिकता पूरी करने के लिए विपक्ष कांग्रेस की ओर से महापौर के लिए लांभा वार्ड की पार्षद पलकबेन पटेल तथा उपमहापौर के लिए अमराईवाडी के पार्षद बलदेव देसाई के नाम का प्रस्ताव रखा था। यह मात्र औपचारिकता ही थी क्योंकि अहमदाबाद महानगरपालिका के कुल १९२ पार्षदों में से भाजपा के १५१ हैं जबकि कांग्रेस के पास मात्र ४१ ही हैं। जिससे उनकी पराजय पहले से ही निश्चित लग रही थी।
महापौर-उपमहापौर ने संभाला कार्य
मनपा बोर्ड की बैठक में नवनियुक्त महापौर बीजलबेन पटेल ने पहले दिन से ही पदभार संभाल लिया। इसी तरह से उपमहापौर दिनेश भट्ट ने भी नियुक्ति के बाद अपना कार्य संभाल लिया। स्थायी समिति के सदस्य भी अध्यक्ष को चुनने की औपचारिकता पूरी करेंगे। जिसके बाद स्टेंडिग कमेटी के अध्यक्ष भी अपना कामकाज संभालेंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.