आम जनता के मिले सकारात्मक प्रतिसाद एवं उनके सुझावों पर अमल करते हुए मंडल रेल प्रशासन ने इस हेरिटेज म्यूजियम को 19 व 20 अप्रैल को भी खुला रखने की घोषणा की है। यह म्यूजियम आगामी मंगलवार व बुधवार (दोनों दिन) प्रात: 10.00 बजे से शाम ६ बजे तक निशुल्क खुला रहेगा।
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एवं हेरिटेज संग्रहालय के रखरखाव में विशेष रूचि रखने वाले भजन लाल मीना तथा मण्डल यांत्रिक इंजीनियर संतोष कुमार मिश्रा के विशिष्ट प्रयासों एवं उनकी टीम वर्क से इस म्यूजयि़म की शोभा और बढ़ी है, जिसमें कला शिल्पी रेल कर्मी मयूर सोनी व उनकी टीम की कड़ी मेहनत और लगन से तैयार किए गए रेल इंजिन का वर्किंग मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र बना है। साथ ही पुरानी रियासत कालीन रेलवे के सभी प्रतीक चिन्हों को भी एक साथ खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया है। डीआरएम अमित गुप्ता ने हेरिटेज म्यूजयि़म की टीम के लिए 15 हज़ार व मॉडल निर्माता मयूर सोनी की 5 हज़ार पुरस्कार से भी सम्मानित किया
मंडल रेल प्रबंधक अमित गुप्ता के अनुसार नैरो गेज रेलवे की जानकारी के महत्व से यह म्यूजियम अहम् है, जिसमें ब्रिटिश काल में चलने वाली रेलवे की समय सारणी एवं किराया सूची एवं प्रतापनगर (गोया गेट) रेलवे स्टेशन के आरेख जैसे कई अन्य हेरिटेज वैल्यू वाली वस्तुओं को संग्रहित किया गया है।
गुप्ता ने बताया कि हमारी योजना इसे विस्तारित कर और भी भव्य बनाने की है। इसके लिए बाहरी संस्थाओं से भी रूपरेखा एवं डिजाइन मंगाई जा रही है ताकि एक ही छत के नीचे कई आकर्षण उपलब्ध हो सके। उन्होंने बाहरी हेरिटेज सामग्री संग्रह कर्ताओं से भी आग्रह किया कि उनके पास यदि रेलवे से संबंधित कोई भी हेरिटेज वैल्यू की आइटम हो तो उन्हें म्यूजियम के लिए प्रदान करें ताकि इस गौरवशाली इतिहास को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। उनके अनुसार आने वाले समय में प्रताप नगर का यह है रेल हेरिटेज संग्रहालय देश के सबसे चर्चित एवं लोकप्रिय हेरिटेज म्यूजियम में होगा तथा इसे और भी बेहतर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।