अहमदाबाद

भाजपा नेताओं की बोर्ड, निगमों में होगी नियुक्ति

-40 से ज्यादा जगहों पर होनी है नियुक्ति

अहमदाबादNov 25, 2018 / 09:43 pm

Uday Kumar Patel

भाजपा नेताओं की बोर्ड, निगमों में होगी नियुक्ति

 
गांधीनगर. राज्य के भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जल्द ही विभिन्न बोर्ड, निगम व स्थानीय प्राधिकरणों में नियुक्ति होगी। इसे लेकर पिछले दिनों मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी के बीच बैठक भी हो चुकी है। लोकसभा चुनाव से पहले इन नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में ऐसा कहा जा रहा था कि रूपाणी मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा, लेकिन फिलहाल इसकी कोई संभावना नहीं दिख रही है। इसलिए असंतुष्ट व नाराज चल रहे वरिष्ठ नेताओं को बोर्ड, निगमों के महत्वपूर्ण पदों पर बिठाकर इनकी नाराजगी को शांत किया जा सकता है।
उधर भाजपा के पूर्व विधायक लालजी मेर ने पार्टी से इस्तीफा दिया है वहीं जसदण विधानसभा सीट पर उपचुनाव 20 दिसम्बर को होने जा रहे हैं। ऐेसे में इन नियुक्तियों में जातियों व समुदाय विशेष का भी ध्यान रखा जाएगा। भाजपा के नेताओं की ओर से ऐसी गुहार लगाई जा रही थी कि कुछ ही महीनों में लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी के विधायकों व नेताओं को खुश करने के लिए इन्हें बोर्ड, निगम के अध्यक्ष व निदेशक के पद पर नियुक्त कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री स्तर से सहमति मिलने के बाद हाईकमान स्तर पर ही लगभग सब कुछ हो चुका है। भाजपा के राष्ट्रीय आलाकमान फिलहाल मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित विधानसभा चुनावों में व्यस्त हैं। इसलिए अब कुछ ही दिनों में यह घोषणा कर दिए जाने की पूरी संभावना है।
गुजरात में 40 से ज्यादा बोर्ड, निगमों व प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्ति की जानी है। इनमें अध्यक्ष का पद दिया जाएगा। राज्य के अहम सार्वजनिक उपक्रमों के अलावा आठ स्थानीय प्राधिकरणों में प्रशासनिक अधिकारियों को संबंधित महानगरपालिका के अधीन रखा गया है। अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (औडा), वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण (वुडा), राजकोट शहरी विकास प्राधिकरण (रूडा), सूरत शहरी विकास प्राधिकरण (सूडा), जामनगर शहरी विकास प्राधिकरण (जाडा), गांधीनगर शहरी विकास प्राधिकरण (गुडा), जूनागढ़ शहरी विकास प्राधिकरण (जुडा) शामिल हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.