अहमदाबाद

पेटलाद नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा

गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी के गृह जिले आणंद की पेटलाद नगर पालिका में अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद बुधवार को मतदान के दौरान का

अहमदाबादAug 25, 2017 / 11:35 pm

मुकेश शर्मा

BJP occupy Petlad Municipality

आणंद।गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी के गृह जिले आणंद की पेटलाद नगर पालिका में अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद बुधवार को मतदान के दौरान कांग्रेस के छह पार्षदों ने व्हीप के विरुद्ध भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया और भाजपा ने नगर पालिका पर कब्जा जमा लिया। नगर पालिका अध्यक्ष रेणुका के खिलाफ भाजपा ने कांग्रेस के असंतुष्ट पार्षदों की मदद से अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव पेश करने के लिए आवश्यक 24 पार्षद ना होने के कारण भाजपा को कुछ समय इंतजार करना पड़ा। अध्यक्ष रेणुका ने पिछली 16 अगस्त को नाटकीय ढंग से अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

जिला कलक्टर ने 18 अगस्त को इस्तीफा स्वीकार करके 23 अगस्त को नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की।नगर पालिका सभागार में बुधवार मध्याह्न 12 बजे चुनाव के चलते बड़ी संख्या में पुलिस बंदोबस्त किया गया। कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के चेयरमैन बालु पटेल ने कांग्रेस के सभी सदस्यों को कांग्रेस के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने व सभा में अनिवार्य तौर पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। सभागृह में उप कलक्टर व निर्वाचन अधिकारी ने अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया शुरू की।

भाजपा की ओर से जैमिनी पटेल व कांग्रेस की ओर से रफीकनबीबी सरफराजमिया मलेक ने नामांकन पत्र पेश किया। ऊंगली ऊंची करके मतदान करने के दौरान भाजपा के 14, निर्दलीय दो और कांग्रेस के 6 पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी जैमिनी पटेल के पक्ष में मतदान किया। जैमिनी पटेल को 22 वोट मिले और वे विजेता घोषित की गई। कांग्रेस प्रत्याशी रफीकनबीबी को मात्र 13 वोट मिले। कांग्रेस के एक पार्षद विजय तळपदा अनुपस्थित रहे।

जैमिनी ने खिलाया कमल

जैमिनी पटेल को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं व कांग्रेस के असंतुष्ट पार्षदों व इनके समर्थकों ने जैमिनी पटेल को माला पहनाकर खुशी जताई। इसके साथ ही भाजपा ने कांग्रेस से सत्ता हथियाने मेें सफलता प्राप्त की। पालिका 36 में से भाजपा के 14, कांग्रेस के 20 व निर्दलीय दो पार्षद थे। निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कांगे्रेस ने 22 सदस्यों की मदद से भाजपा के 14 सदस्यों से सत्ता प्राप्त की थी।

कांग्रेस के असंतुष्टों की मदद से सत्ता पर भाजपा पार्षद का इस्तीफा

पेटलाद नगर पालिका में कांग्रेस के असंतुष्टों की मदद से सत्ता प्राप्त करने के कुछ समय बाद ही भाजपा में असंतोष शुरू हो गया। वार्ड संख्या 9 की भाजपा पार्षद रीटा उमेश शाह ने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा नगर पालिका के मुख्य अधिकारी को सौंपा। नगर पालिका में भाजपा पार्षद दिपाली एच. शाह ने भी भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष महेश पटेल को इस्तीफा भेजा।

कांग्रेस के मुस्लिम पार्षदों के विरुद्ध समुदाय में रोष, पथराव

अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान कांग्रेस के अंसतुष्ट मुस्लिम पार्षदों की ओर से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करके विजयी बनाने के कारण मुस्लिम समुदाय के लोगों में ऐसे मुस्लिम पार्षदों के विरुद्ध रोष व्याप्त है। कांग्रेस से पार्षद चुने गए मुस्लिम पार्षद पालिका कार्यालय के बाहर निकले तो मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध में नारेबाजी की। एक पार्षद फिरोज रेतीवाला के घर पर नाराज मतदाताओं ने पथराव किया।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.