विधानसभा विधानसभा
प्रदेश भाजपा की ओर से कहा गया कि गत चुनाव में इन्हीं सीटों पर भाजपा ने 2 सीटें जीती थीं। भाजपा ने अपनी सीटों की संख्या 2 से बढ़ाकर 6 कर ली हैं। उधर कांग्रेस की सीटें आधी हो गई हैं। भाजपा ने आणंद जिले की बोरियावी नगरपालिका, खेड़ा जिले की महुधा नगरपालिका, महेसाणा जिले की वीजापुर नगरपालिका, पाटण जिले की पाटण नगरपालिका, गिर सोमनाथ जिले की तालाला नपा में सीटें जीतीं। भाजपा ने गांधीनगर जिले की रांधेजा तहसील पंचायत की सीट अपने खाते में की।
बोरियावी में भाजपा प्रेरित प्रत्याशी की जीत
तहसील की बोरीयावी नगरपालिका के वार्ड-१ के उप चुनाव में भाजपा प्रेरित निर्दलीय उम्मीदवार की जीत होने से भाजपा ने विजयी जुलूस निकाला। रविवार को हुए चुनाव के बाद मंगलवार को मतगणना शुरू हुई, जिसमें भाजपा प्रेरित निर्दलीय प्रत्याशी नीलेशभाई रमणभाई पटेल की जीत हुई। नीलेश को १०११ एवं प्रतिद्वंद्वि निर्दलीय प्रत्याशी वैभव पंकज पटेल को ६५५ वोट मिलने से नीलेश विजयी घोषित किए गए।
रापर के वार्ड-५ के उपचुनाव में कांग्रेस की जीत
भुज. कच्छ (पूर्वीय) जिले की रापर नगरपालिका के वार्ड-५ के उपचुनाव में कांग्रेस की जीत हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम आरेठिया की ३९७ मतों से विजय हुई है, जबकि भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण कारोत्रा की पराजय हुई है। पार्षद हरिभाई आरेठिया के निधन के बाद सीट खाली हो गई थी, जिसके कारण इस सीट पर ८ अक्टूबर को चुनाव हुआ और मंगलवार को परिणाम घोषित किया गया। फिलहाल रापर नगरपालिका मे भाजपा की सत्ता है।