जिले की संजेली तहसील के तरकडा महुडी गांव में एक ही परिवार के छह सदस्यों के शव घर में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई है। शवों के गले पर हमले के निशान मिले हैं। इनकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर संजेली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची वहीं गांव के लोगों की भारी भीड़ भी जुट गई।
दाहोद जिला पुलिस अधीक्षक हितेश जॉयसर के अनुसार शुक्रवार सुबह तरकडा महुडी गांव में छह शव मिले। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। मृतकों को लेकर पुलिस शिनाख्त कर रही है। मृतकों के गलों पर तीक्ष्ण हथियार से हमले के निशान मिले हैं। इस तरह सामूहिक हत्या की आशंका जताई जा रही है। यह परिवार मजदूरी करता था।