अहमदाबाद

२२०० वाहनों के साथ ब्रह्म अधिकार रैली

हजारों लोग जुड़े, ब्रह्म विकास आयोग बनाने की मांग, करणी सेना, पाटीदार एवं वैष्णव समाज का भी समर्थन

अहमदाबादJan 27, 2018 / 11:22 pm

Gyan Prakash Sharma

अहमदाबाद. ब्रह्म विकास आयोग के गठन की मांग के साथ शुक्रवार को ब्रह्म अधिकार रैली निकाली गई। ब्रह्म विकास आयोग आंदोलन समिति की ओर से आयोजित रैली शहर में सुभाषब्रिज के नीचे नारायण घाट से दोपहर को शुरू हुई और गांधीनगर पहुंची। आर्थिक रूप से कमजोर कर्मकांडी पुजारी व ज्योतिषियों जैसे समुदाय के लिए ब्रह्म विकास आयोग की मांग के साथ निकाली गई रैली में १५० से अधिक बसें व सैकड़ों कार एवं बाइकों सहित २२०० से अधिक वाहनों में सवार ४० हजार से अधिक लोगों के जुडऩे का दावा किया गया।
ब्रह्म विकास आयोग आंदोलन समिति के संयोजक व श्री समस्त गुजरात ब्रह्म समाज के महामंत्री यज्ञेश दवे के आह्वान पर गुजरातभर के ब्राह्मण ‘हर-हर महादेव व जय-जय परशुरामÓ के नारों के साथ रैली में जुड़े। परशुराम व महादेव के बैनरों के साथ-साथ आयोग के गठन की मांग के बैनरों के साथ निकाली गई रैली गांधीनगर सत्याग्रह छावणी में पूर्ण हुई। रैली को करणी सेना, पाटीदार व वैष्णव समाज का समर्थन भी मिला। रैली में सौराष्ट्र-कच्छ ब्रह्म समाज के जीतूभाई मेहता, रैली के संयोजक कमलेश व्यास, अमरीश जानी, पीयूष व्यास, मिलन शुक्ल, भारत जानी व गुजरात के सभी ब्रह्म समाज के अग्रणी जुड़े।
ब्राह्मणों की उपेक्षा भारी पड़ेगी : दवे
समिति के संयोजक यज्ञेश दवे ने कहा कि ब्रह्म समाज जागृत है और ब्राह्मणों की उपेक्षा करना भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गुजरात में सभी जातियों के लिए कल्याणकारी योजनाएं हैं, सिर्फ ब्राह्मणों को ही वंचित रखा गया है। ब्राह्मण संविधान को ध्यान में रखकर आरक्षण की मांग नहीं कर रहा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर ब्रह्म समुदाय के लिए कल्याणकारी योजना का लाभ मिले, इसके लिए अलग आयोग की मांग कर रहा है, जो १०० प्रतिशत संवैधानिक मांग है।
तेलंगाना, कर्नाटक व आंध्रप्रदेश में ब्राह्मणों के लिए बोर्ड निगम हैं, तो गुजरात में भी आयोग का गठन हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गुजरात में ब्राह्मणों की उपेक्षा हो रही है। यह उपेक्षा भारी पड़ सकती है। कुल आबादी में १० प्रतिशत का हिस्सा रखने वाला यह समुदाय कभी भी किसी की भी कुंडली फेर सकता है।
सीएम ने दिया चर्चा करने का आश्वासन:
रैली के बाद दवे सहित कौर कमेटी के सदस्य मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से मिले। मुख्यमंत्री में सात दिनों में चर्चा करने के लिए बुलाने का आश्वासन दिया है।
यहां से गुजरी रैली :
दोपहर २.३० बजे सुभाषब्रिज के नीचे नारायण घाट, रिवरफ्रंट, डफनाळा, सरदारनगर, इन्दिरा ब्रिज, कोबा सर्कल, इन्फोसिटी सर्कल के निकट, घ-जीरो सर्कल, घ रोड होती हुई शाम ४ बजे सत्याग्रह छावणी में पहुंची।

Home / Ahmedabad / २२०० वाहनों के साथ ब्रह्म अधिकार रैली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.