scriptजल्दी जल्दी ऊग हे सूरज देब….. | Chhatha pooja celebrated in Ahmedabad | Patrika News

जल्दी जल्दी ऊग हे सूरज देब…..

locationअहमदाबादPublished: Nov 14, 2018 09:47:09 pm

Submitted by:

Uday Kumar Patel

-साबरमती नदी तट के किनारे छठ व्रत के श्रद्धालुओं का सैलाब
-उगते सूर्य को अघ्र्य के साथ ही लोकआस्था के महापर्व छठ का समापन

Chhattha Pooja, Ahmedabad

जल्दी जल्दी ऊग हे सूरज देब…..

अहमदाबाद. बुधवार भोर के समय साबरमती नदी तट पर विहंगम नजारा। छठ व्रत धारी महिलाएं व पुरुष पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की बाट जोह रहे थे। वहीं जल्दी-जल्दी ऊग हे सूरज देब…, कईलीं बरितयां तोहार हे छठी मईया…, कवने दिन उगी छई हे दीनानाथ…, जैसे पारंपरिक गीत भी गुंजायमान हो रह थे। जैसे ही क्षितिज पर सूरज की लालिमा दिखी वैसे ही व्रतियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। व्रतधारी उगते हुए भगवान दीनानाथ को अघ्र्य देते हुए भाव विह्वल हो उठे। परिजन भी उसी उत्कट इच्छा के साथ अघ्र्य में शामिल होकर काफी खुश दिख रहे थे। इस तरह बिहार, झारखंड व पूर्वी उत्तर प्रदेश के मूल निवासी लोगों के चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया। साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हो गया।
छठ की यह छठा वैसे तो गुजरात में अहमदाबाद के साथ-साथ सूरत, वडोदरा, राजकोट सहित कई शहरों में नदी, बांध व तालाब किनारे देखने को मिली।
पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हुए अहमदाबाद के हांसोल में इंदिराब्रिज के नीचे तथा हनुमान कैंप के समीप दशामां मंदिर के निकट साबरमती नदी तट के घाट पर माहौल श्रद्धा से भरपूर पाया गया। उगते हुए सूर्य को अघ्र्य देने के बाद श्रद्धालुओं ने ठेकुआ, पिरिकिया, केला, गन्ना, सेब सहित अन्य प्रसाद ग्रहण किया। वहीं निर्जला उपवास वाले व्रतियों ने भी अपना पारणा किया।
इससे पहले मंगलवार शाम को डूबते हुए सूर्य को अघ्र्य दिया गया। कई व्रती महिला पुुरुष रात भर जगते रहे।
इंदिरा ब्रिज के नीचे छठ महापर्व समन्यव संघ की ओर से मंगलवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष महादेव झा, उपाध्यक्ष कन्हैया पाठक, व जे. पी. मिश्रा, रंजीत झा व अन्य पदाधिकारियों की अगुआई में व्रतधारियों व श्रद्धालुओं के रहने की व्यवस्था की गई। उधर दशामां मंदिर के पास के तट पर भी श्री छठ महापर्व सार्वजनिक ट्रस्ट की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष राजेन्द्र झा, सदस्य संदीप झा व अन्य पदाधिकारियों ने यहां पर छठ व्रतधारियों व श्रद्धालुओं के लिए अच्छा इंतजाम किया था।

ट्रेंडिंग वीडियो