अहमदाबाद

Bhavnagar: कॉलेज प्राचार्य ने जारी किया बीजेपी पेज प्रमुख बनने के लिए फरमान, विरोध होने पर इस्तीफा

College principal issues notice to become BJP page committee member, resigns after protests -कुलपति कार्यालय में कांग्रेस का हल्लाबोल
 

अहमदाबादJun 27, 2022 / 10:55 pm

nagendra singh rathore

Bhavnagar: कॉलेज प्राचार्य ने जारी किया बीजेपी पेज प्रमुख बनने के लिए फरमान, विरोध होने पर इस्तीफा

राजकोट/अहमदाबाद. भावनगर के एक कॉलेज की प्राचार्य की ओर से जारी किए गए नोटिस को लेकर भावनगर शहर कांग्रेस समिति, भावनगर के एनएसयूआई एवं भावनगर विवि के सिंडीकेट सदस्यों ने भावनगर विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय में हल्लाबोल किया। भावनगर शहर कांग्रेस समिति के अध्यक्ष प्रकाश वाघाणी ने इस मामले में कॉलेज की प्राचार्य को निलंबित करने की मांग की थी। इस मामले में विरोध बढऩे पर कॉलेज की कार्यकारी महिला प्राचार्य आर ए गोहिल ने प्राचार्य पद से इस्तीफा दे दिया है। यह नोटिस श्रीमती न च गांधी एवं भा वा गांधी महिला आट्र्स एंड कॉमर्स कॉलेज भावनगर की कार्यकारी प्राचार्य की ओर से 24 जून 2022 को जारी किया गया था। नोटिस में छात्राओं से भाजपा के पेज समिति का सदस्य बनने के लिए कॉलेज में पासपोर्ट साइज का फोटो लेकर आने और साथ ही मोबाइल फोन लेकर आने के लिए कहा गया था।
इसका गुजरात प्रदेश कांग्रेस से लेकर कई संगठनों ने कड़ा विरोध किया। विवाद बढऩे पर कॉलेज के ट्रस्टी डॉक्टर धीरेन वैष्णव की ओर से मीडिया को बताया गया कि महिला प्राचार्य से भूल हुई है। जिसके चलते उन्होंने खुद सामने से प्राचार्य पद से इस्तीफा दे दिया है। कॉलेज का राजनीति के लिए उपयोग ना हो बल्कि शिक्षा के लिए हो इसका ध्यान रखा जाएगा।

छात्राओं को बीजेपी का पेज प्रमुख बनने के लिए नोटिस देना शर्मनाक घटना: गोपाल

सूरत/अहमदाबाद. आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि भावनगर के एक कॉलेज के अंदर कुछ दिन पहले एक महिला प्रिंसिपल की ओर से छात्राओं को बीजेपी का पेज प्रमुख बनने के लिए लिखित नोटिस दिया गया है। यह गुजरात के इतिहास की एक बहुत ही शर्मनाक घटना है। इटालिया ने महिला प्रिंसिपल द्वारा दिए गए नोटिस का सबूत मीडिया के सामने पेश किया, जिस नोटिस में प्रिंसिपल ने छात्राओं से पेज प्रमुख बनने को कहा गया। जहां साफ लिखा था कि बीजेपी की पेज कमेटी का सदस्य बनने के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल फोन लेकर आना होगा। इटालिया ने कहा कि इस घटना पर गुजरात प्रदेश भाजपा के अध्य क्ष सी.आर. पाटिल को जवाब देना चाहिए। शिक्षा संस्थान की ओर से छात्राओं को इस तरह से पेज कमेटी का सदस्य बनने के लिए कहना उचित नहीं है। आम आदमी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। इसके विरोध में भावनगर में एक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.