Rajya sabha election से पहले कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर!
अहमदाबादPublished: Jul 03, 2019 05:02:57 pm
कांग्रेसी विधायक अम्बाजी में बनाएंगे रणनीति, रवाना
Rajya sabha election से पहले कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर!
अहमदाबाद. राज्यसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले कांग्रेस को फिर से क्रॉस वोटिंग का डर सताने लगा है। जहां वर्ष 2017 में राज्यसभा की तीन सीटों पर हुए चुनाव से पहले कांग्रेस अपने चालीस से ज्यादा विधायकों को लेकर कर्नाटक के बैंगलुरू पहुंची थी। इस बार फिर से पांच जुलाई को होने वाले राज्यसभा चुनाव से दो दिन पहले अम्बाजी ले जाया जा रहा है। इससे पहले बुधवार सुबह यह सुर्खियां सामने आई थी कि राजस्थान के आबू में शिविर होगा, जहां विधायक जाएंगे, लेकिन वहां ले जाने को लेकर सवाल उठाने पर दोपहर बाद स्थान बदल दिया गया। मौजूदा समय में कांग्रेस के 71 विधायक हैं।
सूत्रों के अनुसार चार से पांच विधायकों को निजी कार्य होने की वजह से वे अम्बाजी नहीं जा रहे हैं, लेकिन बाकी सभी विधायक अम्बाजी जाएंगे। इन विधायकों को गांधीनगर में एकत्रित करने को लेकर सूचित किया गया। अम्बाजी में दर्शन के बाद वहां एक रिसोर्ट में सभी विधायक ठहरेंगे और राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे।
कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके विधायक अल्पेश ठाकोर, कांग्रेस के खिलाफ राग अलापने वाले धवलसिंह झाला अम्बाजी नहीं जाएंगे। उधर, अल्पेश ठाकोर घर पर नहीं मिलने से उनके घर पर कांग्रेसी विधायक अश्विन कोटवाल ने अन्य विधायकों के साथ राज्यसभा चुनाव में वोट डालने को लेकर व्हीप चस्पा कर दिया है। अल्पेश ठाकोर ने तो यह तक आरोप लगाया कि कांग्रेस को विधायकों पर भरोसा नहीं है। यदि बैठक करना हो तो यहां भी हो सकती है। कांग्रेस की ओर से व्हीप जारी किए जाने को लेकर अल्पेश ठाकोर ने कहा कि उनको कोई भी व्हीप नहीं मिला है। उधर, कांग्रेसी विधायक व सह सचेतक अश्विन कोटवाल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग का डर नहीं है। शिविर के चलते ही जा रहे हैं।