Coronavirus: गुजरात में एक दिन में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का नया रिकार्ड, अब तक के सबसे ज्यादा 712 मामले
अहमदाबाद. गुजरात में कोरोना का कहर कम नहीं होता दिख रहा है। लगातार पॉजिटिव मामलों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को बीते 24 घंटे में राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का नया रिकॉर्ड तब बना जब एक साथ 712 नए मामले पाए गए। यह राज्य में अब तक एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा शुक्रवार को 687 नए पॉजिटिव मरीज दर्ज किए गए थे। इसके साथ ही राज्य में पहली बार मामला 700 से ज्यादा पाया गया। उधर अब राज्य में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 35 हजार से ज्यादा होकर 35398 तक पहुंच गई है।
8000 से ज्यादा एक्टिव केस, 25 हजार से ज्यादा डिस्चार्ज राज्य भर में अब 8000 से ज्यादा एक्टिव केस हो गए हैं। एक्टिव केसों की कुल संख्या 8057 हो चुकी है। इनमें 68 मरीज वेंटिलेटर पर है वहीं 7989 मरीजों की हालत स्थिर बताई जाती है। शनिवार को 473 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इस तरह अब तक 25 हजार से ज्यादा मरीजों (25414) को डिस्चार्ज किया जा चुका है।