अहमदाबाद

GTU: रक्षाबंधन पर भारतीय रंग में रंगे दिखेंगे विदेशी विद्यार्थी, कर्मचारियों के घर मनाएंगे पर्व

Foreign students will celebrate raksha bandhan at home of GTU Employee जीटीयू की अनूठी पहल, रक्षाबंधन पर्व की महत्ता, रीति रिवाज, खान-पान से रूबरू होंगे 35 विदेशी विद्यार्थी

अहमदाबादAug 10, 2022 / 10:51 pm

nagendra singh rathore

GTU: रक्षाबंधन पर भारतीय रंग में रंगे दिखेंगे विदेशी विद्यार्थी, कर्मचारियों के घर मनाएंगे पर्व

Ahmedabad. गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (जीटीयू) में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट सहित अन्य कोर्स की शिक्षा लेने आए विदेशी विद्यार्थी गुरुवार को रक्षा बंधन पर्व पर भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे दिखाई देंगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि जीटीयू की ओर से विदेशी विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, खान पान, परंपरा, त्योहार के माहौल का बेहतर अनुभव कराने के लिए अनूठी पहल की गई है। पहली बार विवि के कर्मचारियों ने विदेशी विद्यार्थियों को रक्षा बंधन का पर्व कर्मचारियों के साथ उनके घर पर मनाने के लिए आमंत्रित किया है। जीटीयू के होस्टल में रहने वाले 30 देश के 35 विदेशी विद्यार्थी गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व विवि कर्मचारियों के घर मनाएंगे।
जीटीयू के कुलपति डॉ. नवीन शेठ ने बताया कि विदेशी विद्यार्थी भारतीय संस्कृति-पर्व का सही मायने में अनुभव कर सकें इसलिए यह पहल की गई है। वे खुश हैं कि इसमें विवि के कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया है। विवि के डिपार्टमेंट ऑफ इंटरनेशनल रिलेशन के प्रमुख डॉ. केयुर दर्जी ने बताया कि विवि के पीजी स्कूलों में 30 देश के 35 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यार्थियों को भारतीय त्योहार का बेहतर अनुभव देने के लिए विवि कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को अपने घर आमंत्रित किया है। रक्षाबंधन के दिन उन्हें घर बुलाया है, जिससे उन्हें राखी बांधी जाएगी और उन्हें इस पर्व के दिन बनने वाले भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी चखाया जाएगा। राखी की महत्ता बताई जाएगी। विवि की इस पहल में नाम्बिया, मोजाम्बिक, अफगानिस्तान, सोमालिया, साउथ सूदान देश के विद्यार्थी जुड़ेंगे। जीटीयू के ग्रेजुएट स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. एस डी पंचाल ने बताया कि इसके साथ विवि के विद्यार्थियों की ओर से भारतीय सैनिकों को रक्षाबंधन पर शुभेच्छा संदेश भी भेजे गए हैं। विद्यार्थियों ने सैनिकों के सम्मान में काव्य रचनाएं लिखकर उन्हें भेजी हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.