scriptभाजपा के पूर्व विधायक लालजी मेर ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’ | Former MLA Lalji Mer join Congress party | Patrika News
अहमदाबाद

भाजपा के पूर्व विधायक लालजी मेर ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

कांग्रेसी सदस्यता लेते ही भाजपा पर लगाया किसान विरोधी होने का आरोप
 

अहमदाबादNov 28, 2018 / 10:55 pm

nagendra singh rathore

Lalji mer

भाजपा के पूर्व विधायक लालजी मेर ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

अहमदाबाद. गुजरात में जसदण विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले राजनीति में गरमाहट आने लगी है। चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। धंधुका के पूर्व विधायक लालजी मेर ने भाजपा से इस्तीफा देकर जसदण सीट उपचुनाव से चंद दिनों पहले ही बुधवार को कांग्रेस पार्टी का ‘हाथ ‘ थाम लिया।
बुधवार दोपहर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा, प्रदेश प्रभारी राजीव सातव, नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस का खेस पहनाकर लालजी मेर व उनके समर्थकों को कांग्रेस में शामिल किया।
कोळी समाज के नेता एवं धंधुका में खासा रसूख रखने वाले पूर्व विधायक लालजी मेर के कांग्रेस में शामिल होने के चलते जसदण विधानसभा में चुनावी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस में शामिल होते ही धंधुक से वर्ष २०१२-२०१७ तक विधायक रहे लालजी मेर ने अपनी पूर्व पार्टी भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को किसान विरोधी पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि वह तो जन्मजात कांग्रेसी हैं।
प्रदेश कांग्रेस के पालडी स्थित जिस मुख्यालय में उन्होंने आज फिर से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है उसके निर्माण में भी उनका योगदान रहा है। भाजपा को छोड़ कांग्रेस में शामिल होने के पीछे जसदण विधानसभा उपचुनाव से कोई लेना देना नहीं होने का दावा करते हुए मेर ने कहा कि वह जिस इलाके से विधायक रहे, उसी इलाके के जनप्रतिनिधि (विधायक) की आवाज भाजपा की ओर से नहीं सुनी जा रही थी। धोलेरा के आसपास के किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध उन्होंने कई बार पार्टी में आवाज उठाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनकी बातों को अनसुना किया जाने लगा था, जिससे उन्होंने चार दिन पहले ही भाजपा की सदस्य छोड़ दी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं की इच्छा और उनकी मांग को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर से मूल पार्टी कांग्रेस का हाथ थामा है। जसदण विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी जो जिम्मेदारी सौंपेगी वह जिम्मेदारी वे निभाएंगे। किसानों के हक की लड़ाई लडऩे उनकी आवाज को बुलंद करने के लिए कांग्रेस का दामन फिर से थामा है।
मेर के जुडऩे से कांग्रेस के मजबूत होने का दावा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भाजपा पर किसान विरोधी, गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया। कहा कि आज किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव ने कहा कि लालजी मेर बड़े ओबीसी नेता हैं। उनके कांग्रेस से जुडऩे से पार्टी मजबूत होगी। उनका पार्टी में आना जसदण विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को मजबूत करेगा। नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी ने कहा कि लालजी मेर के कांग्रेस से जुडऩे से पार्टी विरोधी ताकतों को निराशा हुई है।

Home / Ahmedabad / भाजपा के पूर्व विधायक लालजी मेर ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो