अहमदाबाद

अहमदाबाद में स्वाइनफ्लू से चार की मौत, २२ मरीजों की पुष्टि

सिविल अस्पताल में सात की रिपोर्ट पॉजिटिव, नौ भर्ती

अहमदाबादSep 10, 2018 / 10:31 pm

Omprakash Sharma

file photo

अहमदाबाद. पिछले कुछ दिनों से बदलते मौसम बीच एक बार फिर स्वाइनफ्लू ने दस्तक दे दी है। शहर के विविध अस्पतालों में सितम्बर माह में इस रोग ने चार लोगों की जान ले ली। जबकि २२ मरीज भर्ती हैं। हाल में सिविल अस्पताल में स्वाइनफ्लू की आशंका पर नौ मरीज भर्ती हैं इनमें से सात की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
शहर में गत जनवरी माह से अब तक स्वाइनफ्लू रोग के ६० मरीजों की पुष्टि हुई है इनमें से १३ जनों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक २२ मरीज पिछले नौ दिनों में सामने आए हैं। इनमें से चार जनों की मौत भी हो गई जो इस वर्ष दस दिनों में सर्वाधिक मौतें हैं। इससे पहले अगस्त माह के ३१ दिनों में कुल १२ मरीजों की पुष्टि हुई थी इनमें से तीन की मौत भी हो गई। घातक स्वाइनफ्लू रोग को लेकर अस्पतालों में उचित व्यवस्था की जा रही है। राज्य के सबसे बड़े सिविल अस्पताल में विशेष आईसोलेशन वार्ड में भी पिछले कुछ दिनों से मरीजों को भर्ती किया गया है।
इस वर्ष की शुरुआती महीने जनवरी में शहर में स्वाइनफ्लू के पांच मरीज दर्ज हुए थे। इसी तरह से फरवरी में दर्ज हुए छह मरीजों में से एक की मौत हो गई थी। मार्च माह में आठ मरीजों में से तीन व अप्रेल में छह मरीजों में से दो की मौत हो गई। मई माह में स्वाइनफ्लू का एक मरीज सामने आया था। इस तरह से अब तक ६० मरीजों की पुष्टि हो चुकी है इनमें से तेरह की मौत भी हो गई।
सिविल अस्पताल में सात की पुष्टि
राज्य के सबसे बड़े सिविल अस्पताल के स्वाइनफ्लू वार्ड में इन दिनों नौ मरीज भर्ती हैं। इनमें से सात की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अन्य दो की रिपोर्ट आना शेष है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम परिवर्तन के चलते यह वायरस सक्रिय होता है। हाल में मौसम इस वायरस के अनुकूल है जिससे इससे सावधानी की जरूरत है। उधर सिविल अस्पताल प्रशासन ने रोग को लेकर उचित कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.