अहमदाबाद

बीएसएफ जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे रूपाणी

-नडाबेट बीओपी पर जवानों के साथ रहेंगे

अहमदाबादNov 06, 2018 / 11:21 pm

Uday Kumar Patel

बीएसएफ जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे रूपाणी

 
गांधीनगर. मुख्यमंत्री विजय रूपाणी बनासकांठा जिले की नडाबेट सीमा पर बीएसएफ जवानों के साथ बुधवार को दीपावली मनाएंगे। वे भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित नडाबेट बीओपी पर जवानों के साथ रहेंगे। जवानों को मिठाई खिलाने के साथ-साथ वे इन जवानों के साथ बातचीत भी करेंगे। सीएम बुधवार सुबह दस बजे नडाबेट पहुंचेंगे।
इससे पहले भी रूपाणी वर्ष 2016 में बनासकांठा जिले की नडाबेट सीमा पर बीएसएफ जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। गत वर्ष 2017 में रूपाणी ने कच्छ जिले में कोटेश्वर सीमा पर बीएसएफ जवानों के साध दीपावली मनाई थी। इस तरह सीएम लगातार तीसरी बार बीएसएफ जवानों के बीच रहेंगे।
नए वर्ष पर लोगों से मिलेंगे मुख्यमंत्री

गांधीनगर. मुख्यमंत्री विजय रूपाणी गुरुवार को गुजराती नव वर्ष के अवसर पर आम लोगों से मिलेंगे। वे मंत्रिमंडल निवास परिसर स्थित कम्युनिटी सेंटर में सुबह 8 से पौने 9 बजे तक आम नागरिकों से मिलेंगे।
इसके बाद रूपाणी सुबह साढ़े दस बजे से साढ़े 11 बजे अहमदाबाद में एनेक्सी सर्किट हाउस में आम लोगों से मिलेंगे।
मुख्यमंत्री पौने 11 बजे शाहीबाग डफनाला स्थित पुलिस ऑफिसर्स मेस में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व उनके परिजनों से मिलेंगे।
इससे पहले सुबह साढ़े सात बजे गांधीनगर में पंचदेव महादेव मंदिर में दर्शन कर नूतन वर्ष का प्रारंभ करेंगे। इसके बाद वे राजभवन में राज्यपाल को नए वर्ष की शुभकामना देंगे। इसके बाद वे सुबह पौने दस बजे अहमदाबाद के भद्रकाली मंदिर का दर्शन करेंगे।
दीपावली-नूतन वर्ष पर राज्यपाल की शुभकामना

गांधीनगर. गुजरात के राज्यपाल ओ.पी. कोहली ने प्रकाश पर्व दीपावली और नूतन वर्ष के पावन अवसर पर राज्य के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व सुख-शांति और समृद्धि लाने में अहम होगा। राज्यपाल ने कामना की है कि नए वर्ष का शुभारंभ समाज में प्रेम, शांति, परस्पर संवाद को मजबूत बनाएगा और राष्ट्र व राज्य की उन्नति के नए शिखर पार करेगा।
नूतन वर्ष के अवसर पर राज्यपाल कोहली गुरुवार को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक राजभवन में आयोजित नूतन वर्ष मिलन समारोह में लोगों से मिलेंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.