Gujarat : कांग्रेस के सभी विधायकों को टिकट दिए जाने की संभावना
अहमदाबादPublished: Oct 24, 2022 05:18:35 pm
-40 फीसदी नए चेहरे संभव
गुजरात विधानसभा चुनाव
-कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची 31 तक


Gujarat : कांग्रेस के सभी विधायकों को टिकट दिए जाने की संभावना
अहमदाबाद. गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ चुकी है। अपने-अपने प्रत्याशियों को लेकर भाजपा और कांग्रेस में विचार-विमर्श जारी है। इस बीच खबर है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची इस महीने के अंत तक जारी कर दी जाएगी।
दिल्ली में पिछले दिनों कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में गुजरात कांग्रेस के नेताओं की उपस्थिति में प्रत्याशियों को लेकर मंथन चला। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में पहली सूची के प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। इस बात की पूरी संभावना है कि अंतिम चर्चा के बाद 31 अक्टूबर तक यह सूची घोषित कर दी जाएगी। इससे पहले गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर समेत कुछ वरिष्ठ कांग्रेसीनेता बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे। ठाकोर के साथ-साथ गुजरात के प्रभारी डॉ रघु शर्मा भी दिल्ली जाएंगे।
माना जा रहा है कि पहली सूची में 50 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा संभव है। इस बार 40 फीसदी नए चेहरों को टिकट देने की संभावना जताई गई है।
टिकट लेने के लिए इस बार लगभग 900 नेताओं ने बायोडाटा भेजे हैं। इन सभी के नामों पर मंथन किए जाने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। गत विधानसभा (2017) में करीब डेढ़ हजार लोगों ने कांग्रेस का टिकट लेने के लिए आवेदन किया।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस पार्टी कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। यही कारण है कि चुनावों की तैयारियां पूरे जोर-शोर से की जा रही हैं। पार्टी के कार्यकर्ता न सिर्फ शहरी बल्कि ग्रमीण इलाकों में मजबूती से डटे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस वर्तमान सभी विधायकों को चुनाव के मैदान में उतारेगी। माना यह भी जा रहा है कि युवा प्रत्याशियों और उनमें भी नए चेहरे को उतारे जाने की संभावना है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 45 नए चेेहरों (25 फीसदी) को टिकट दिया था।