अहमदाबाद

कोरोना के चलते बंद हुई विधायकों की ग्रांट होगी बहाल

Gujarat budget 2021-22, MLA Grant resume, Corona,Nitin patel, बजट में वित्तमंत्री ने की घोषणा

अहमदाबादMar 03, 2021 / 10:24 pm

nagendra singh rathore

कोरोना के चलते बंद हुई विधायकों की ग्रांट होगी बहाल

अहमदाबाद. कोरोना महामारी के चलते गुजरात सरकार ने विधायकों को उनके निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए दी जाने वाली वार्षिक ग्रांट को रोक दिया था। वित्तमंत्री नितिन पटेल ने वर्ष २०२१-२२ से इस ग्रांट को फिर से बहाल करने की घोषणा की है।
बजट पेश करने के दौरान वित्तमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आर्थिक परिस्थिति को देखते हुए यह रोक लगाई गई थी। राज्य की आर्थिक स्थिति अब सुधर रही है, जिसे देखते हुए विधायकों की मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए वर्ष २०२१-२२ से विधायकों को दी जाने वाली सालाना डेढ़ करोड़ की ग्रांट को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।
गुजरात सामाजिक, आर्थिक विश्लेषण केन्द्र होगा स्थापित
अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने राज्य में गुजरात सामाजिक, आर्थिक विश्लेषण केन्द्र स्थापित करने की घोषणा की है।
बजट के दौरान वित्तमंत्री ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि मौजूदा सरकारी योजनाओं की समय समय पर समीक्षा करके उसके क्रियान्वयन में बदली परिस्थिति के अनुरूप सुधार करना जरूरी होता है। जिसके लिए सामाजिक आर्थिक विश्लेषण करना होता है। उसके लिए यह केन्द्र स्थापित किया जाएगा।

केवडिया में शुरू होगा कम्युनिटी रेडियो स्टेशन
अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने विश्व की सबसे ऊंची सरदार पटेल की प्रतिमा के स्थल केवडिया में कम्युनिटी रेडियो स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की है। विश्वभर में प्रसिद्ध हो चुके इस स्थल पर आदिवासी संस्कृति, कला, लोकसाहित्य, खानपान और आदिवासियों की कल्याण योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए सरकार के सहयोग से यह स्टेशन स्थापित किया जाएगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.