script

Ahmedabad news: गुजरात कांग्रेस का नया ढांचा जल्द

locationअहमदाबादPublished: Dec 03, 2019 10:08:46 pm

Submitted by:

Pushpendra Rajput

Gujarat congress, delegates, president amit chavda, leader of opposition paresh dhanani, GPCC, Parliament election

गुजरात कांग्रेस का नया ढांचा जल्द

गुजरात कांग्रेस का नया ढांचा जल्द

अहमदाबाद. गुजरात कांग्रेस (Gujarat congress) का नया ढांचा जल्द ही बनेगा। कांग्रेस के शीर्ष हाईकमान (high command) ने एक माह पूर्व यह ढांचा बिखेर दिया था। अब इस माह के अंत तक नए पदाधिकारियों (new delegates) को जिम्मेवारी दी जाएगी।
पार्टी आलाकमान यह संकेत दिए हैं कि जो नेता, कार्यकर्ता पार्टी में सक्रिय रहेंगे उन्हें ही पद दिया जाएगा। मतलब यह हुआ कि सिर्फ पद लेने से काम नहीं चलेगा। फिलहाल गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति (जीपीसीसी) के अध्यक्ष अमित चावड़ा और नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी ही अपने पद पर बने हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार मौजूदा समय में संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। 14 दिसम्बर को पार्टी की ओर से नई दिल्ली में भारत बचाओ रैली नामक राष्ट्रीय आंदोलन आयोजित होगा। इसके बाद नए ढांचे को लेकर मंथन किया जाएगा। संभवत: 30 दिसम्बर तक नया ढांचा बन जाने के आसार हैं।
बताया जाता है कि यह ढांचा पिछले ढांचे की तुलना में छोटा होगा। जहां ढांचे में पहले 400 पदाधिकारी बनाए गए थे वहीं अब नया ढांचा अपेक्षाकृत कम सदस्यों का होगा। इसमें पार्टी उन्हें मौका देने के पक्ष में हैं जो मेहनत करेंगे और सक्रिय रहेंगे। पार्टी आलाकमान ने पहले ही सख्त संकेत दिए थे जिसमें कहा गया था कि प्रदर्शन दिखाओ, वरना पद छोड़ दो।
लोकसभा चुनाव के बाद दिल्ली आलाकमान ने सख्त रुख अपनाया था। जब उस समय जो ढांचा बनाया गया था उसमें पदाधिकारियों के कार्यों का आकलन किया गया था। इसमें कई पदाधिकारी ऐसे थे जो निष्क्रिय रहे। पार्टी ऐसे पदाधिकारियों को कोई पद नहीं देगी।
सूत्रों के अनुुसार पार्टी के लिए काम नहीं करने वाले कार्यकर्ताओं को सिर्फ पद देने का कोई मतलब नहीं है। उधर जिन पदाधिकारियों ने सक्रिय तरीके से, वह चाहे चुनाव प्रचार हो या फिर पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़कर हिस्सा लिया और बेहतर प्रदर्शन दिया है, उन्हें आगे बढऩे का मौका दिया जाएगा। वहीं अगले वर्ष अहमदाबाद सहित वडोदरा, सूरत, जामनगर व भावनगर सहित कई महानगरपालिकाओं के चुनाव भी होने हैं। ऐसे पार्षद जिन्होंने पार्टी के आंदोलन या कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई हैं, उन्हें मौका देने के पक्ष में भी पार्टी नहीं है।
हर बूथ पर होंगे दो जनमित्र
कांग्रेस इस बार बूथों को मजबूत बनाने की कवायद कर रही है। इसके लिए हर बूथ पर दो जनमित्र बनाए जाएंगे, जो 200 सदस्यों को जोड़ेगा। इसके जरिए बूथ को पार्टी मजबूत कर रही है। वहीं पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए गुजरात में सदस्यता पंजीकरण अभियान शुरू किया है। इसके लिए मोबाइल एप भी तैयार किया गया है। विधायकों और पदाधिकारियों को सदस्य बनाने को लेकर जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। यह अभियान अगले वर्ष अप्रेल तक चलेगा। सदस्य बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

ट्रेंडिंग वीडियो