अहमदाबाद

जसदण विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेसी नेता झोंक रहे ताकत

तीन दर्जन से ज्यादा विधायक उतरे प्रचार में , मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में जोश

अहमदाबादDec 14, 2018 / 09:53 pm

Pushpendra Rajput

जसदण विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेसी नेता झोंक रहे ताकत

अहमदाबाद. जहां कांग्रेस जसदण विधानसभा सीट को बरकरार रखने के लिए ताकत झोंक रही है। वहीं भाजपा ने इस सीट को कांग्रेस से छीनने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में जीत के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में जोश है। कांग्रेस ने सौराष्ट्र के कोली, पाटीदार विधायकों को जसदण में विधानसभा उपचुनाव के प्रचार में उतार दिया है। वहीं कांग्रेस के प्रभारी राजीव सातव, गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी ने भी जसदण में डेरा डाला है। वे हर हाल में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए ताकत झोंक रहे हैं।
‘जसदण में भी कांग्रेस को मिलेगा जनता का आशीर्वाद’
जिस तरीके से दूसरे राज्यों में कांग्रेस को जनादेश मिला है वैसे ही जसदण की जनता भी कांग्रेस को आशीर्वाद देगी। झूठे और लुभावने वादे करने वालों को जनता ने सबक सिखाया है। गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने मंगलवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत पर यह प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जनता विरोधी नीतियों और शासन का पतन गुजरात के विधानसभा चुनाव से प्रारंभ हो गया था, जिसे राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ और अन्य राज्यों ने बरकरार रखा। इन राज्यों के चुनाव परिणाम लोकसभा चुनाव से पहले देशका मिजाज बता रहे हैं। जनता ने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हार का ट्रैलर बताया है।
जसदण के विधायक कुंवरजी बावलिया के कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का कमल थामने के बाद इस सीट पर 20 दिसम्बर उपचुनाव होने हैं। बावलिया के खिलाफ कांग्रेस ने अवसर नाकिया को मैदान में उतारा है। चाहे कांग्रेस हो या भाजपा दोनों ही राजनीतिक दलों ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। बावलिया को उनके गढ़ में चुनौती देने को कांग्रेस भी माइक्रो प्लानिंग की है। अमित चावड़ा ने जहां कांगे्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथों की जिम्मेदारी सौंपी दी है। कांग्रेस अध्यक्ष चावड़ा ने कहा है कि किसी भी शोर-शराबे के बगैर इस चुनाव में कांग्रेस साइलेंट कीलर के तौर पर काम करेगी। भाजपा को शिकस्त देने पर कांग्रेस कोई भी कोरकसर नहीं छोड़ेगी। विधायक पूंजाभाई वंश, वीरजी ठुम्मर, सोमाभाई की अगुवाई में सौराष्ट्र के विधायक एवं प्रदेश नेताओं को प्रत्येक जिला पंचायत और तहसील पंचायत के हिसाब से जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को कांग्रेसी विधायक हर्षद रीबडिया ने भी जसदण में चुनाव प्रचार किया, जो रोजगार, किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेर रहे हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.