scriptGujarat: मौसम का बदला मिजाज, गुजरात के विविध भागों में बारिश, किसान चिंतित | Gujarat: Various parts of state received rain, farmers worried | Patrika News

Gujarat: मौसम का बदला मिजाज, गुजरात के विविध भागों में बारिश, किसान चिंतित

locationअहमदाबादPublished: Oct 06, 2022 11:17:20 pm

Submitted by:

Uday Kumar Patel

Gujarat, Rain, farmers worried

Gujarat:  मौसम का बदला मिजाज, गुजरात के विविध भागों में बारिश, किसान चिंतित

Gujarat: मौसम का बदला मिजाज, गुजरात के विविध भागों में बारिश, किसान चिंतित

गुजरात के विविध भागों में गुरुवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। इसके चलते कुछ भागों में बारिश हुई। सुबह से लेकर शाम तक अहमदाबाद समेत 20 से अधिक तहसीलों में बारिश होने के कारण किसान चिंतित हो उठे हैं। बारिश से फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बीते कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से भी लोगों को राहत मिली।
गुरुवार शाम को दाहोद जिले की देवगढ़ बारिया तहसील और पंचमहाल जिले की मोरवाहडफ़ तहसील में एक इंच से अधिक बारिश हुई। पंचमहाल जिले की घोघंबा, जांबूघोड़ा, छोटा उदेपुर की बोडेली एवं जेतपुरपावी, खेड़ा की कपड़वंज तहसील समेत राज्य के विविध भागों में हल्की बारिश हुई। शाम सात बजे के बाद अहमदाबाद शहर में बिजली की चमक और बादलों की गडगड़़ाहट के बीच बारिश हुई।

मूंगफली, कपास की फसल को नुकसान
इन दिनों हुई बारिश के कारण तैयार फसलों में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हिम्मतनगर, इडर, खेड़ब्रह्मा तहसील में हल्की बारिश के चलते मूंगफली व कपास की फसलों में भारी नुकसान की आशंका व्यक्त की गई है। अनेक किसानों की खेतों में तैयार फसल रखी हुई है। किसानों का मूूंगफली निकालने का काम जारी है। बारिश से मूंगफली खराब होने को लेकर चिन्ता जताई जा रही है। कुछ किसान फसलों को बेचने के लिए मंडी तक ले गए हैं। मंडी के इर्दगिर्द फसल लदे वाहनों की कतार है लेकिन, बारिश के कारण फसल में नुकसान होने से किसान चिंतित हैं।

कुछ हिस्सों में कल से भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार से राज्य के दक्षिण भाग में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जिसमें कहा गया है कि शनिवार से सोमवार तक तापी और डांग जिले के कुछ-कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।

10 डिग्री तक लुढक़ा तापमान
मौसम के बदले मिजाज के चलते अहमदाबाद शहर के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंचा था, जिसकी तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह से ही बादल छाए रहने से धूप-छांव का सिलसिला रहा। जिसके चलते उमसभरी गर्मी से राहत हुई है। अहमदाबाद के अलावा राज्य के अन्य प्रमुख शहर सूरत में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री, वडोदरा में 27.8, राजकोट में 36 डिग्री और भुज में 23.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो