भरुच : पालिका कार्यालय के शुद्धिकरण के लिए धूप-बत्ती से कौतूहल
नपा परिषद का कार्यकाल पूरा, हिंदुस्तान निर्माण दल ने लगाए भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप

भरुच. भरुच नगरपालिका में निर्वाचित सदस्यों की पांच वर्ष की टर्म पूरी होने के साथ प्रशासक ने अपने हाथों में कमान संभाल ली। इस दौरान हिन्दुस्तान निर्माण दल ने पांच साल में भाजपा का शासन भ्रष्टाचार युक्त होने का आरोप लगाकर मंगलवार को पालिका कार्यालय में शुद्धिकरण किया। कार्यकर्ताओं ने धूप बत्ती जलाकर कार्यालय में मंत्रोच्चार के साथ शुद्धिकरण किया। कार्यक्रम को लेकर पालिका कर्मचारियों व उपस्थित लोग दंग रह गए।
भरुच नगरपालिका में भाजपा के शासन की अवधि 12 दिसंबर 2020 को पूरी हुई। प्रशासक के रूप में पालिका के मुख्य अधिकारी संजय सोनी ने अपना कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद मंगलवार सुबह हिंदुस्तान निर्माण दल के सदस्यों ने नपा के शुद्धिकरण किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पांच साल तक जो शासन किया वह भ्रष्टाचार से भरा था। सदस्यों ने पालिका प्रमुख के कक्ष से लेकर पूरी नगरपालिका में धूप बत्ती जलाई व मंत्रोच्चार किया। पालिका के कर्मचारियों के साथ कामों के लिए आए लोग यह सब देख कर अंचभे में पड़ गए। प्रकिया के पूरी होने के बाद पालिका में पुलिस की टीम पहुंची, लेकिन कार्रवाई किए बिना लौट गई।
प्राथमिकी दर्ज कराने पर विचार: प्रशासक संजय सोनी ने कहा कि हिंदुस्तान निर्माण दल के कार्यकर्ताओं ने नपा में पहले से कोई जानकारी व मंजूरी लिए बिना कैबिनों में जाकर शुद्धिकरण के नाम पर जो आयोजन किया उसे लेकर ए डिवीजन थाने में प्राथमिकी दर्ज करने पर विचार किया जा रहा है।
कहां गया विकास
पालिका में विपक्ष के नेता शमशाद अली सैय्यद ने कहा कि भरुच पालिका में भाजपा के पांच साल के शासन पर जनता ने तमाचा मारने का काम किया है मंगलवार को शुद्धिकरण कार्यक्रम का आयोजन से यही साबित होता है। भाजपा ने अपने शासन में झूठी बातों के साथ घोटालों को अंजाम दिया हैं। शुद्धिकरण से विकास की बात की हवा निकल गई है। करोड़ों रुपए की ग्रांट होने के बाद भी सड़कें व खुली गटर की समस्या को हल नहीं किया जा सका। अब चुनाव में जनता इसका हिसाब लेगी।
भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए किया कार्यक्रम
दल के अग्रणी धवल कनोजिया ने कहा कि पालिका में आने वाले दिनों में भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए शुद्धिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया था। नागरिकों के हित के लिए पालिका का शासन भ्रष्टाचार मुक्त हो यह जरूरी है। भारतीय परंपरा में शास्त्र के अनुसार शुद्धिकरण की प्रकिया होती आई है। अभी तक नपा में भाजपा के शासन में पूरा शासन मलीन हो गया था।
..............
अब पाइए अपने शहर ( Ahmedabad News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज