सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी भाजपा: सीएम
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने भी सोमवार सुबह शीलज प्राइमरी स्कूल में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार अपने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि दूसरे चरण के लिए पूरे गुजरात में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान चल रहा है। सभी लोग मतदान करने में जुटे हैं। भाजपा अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी और जीतेगी।
उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अहमदाबाद के शीलज गांव में स्थित अनुपम स्कूल में मतदान किया। आनंदीबेन गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं। मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल उन्हीं के खेमे के माने जाते हैं। उन्हीं की घाटलोडिया सीट से भूपेन्द्र पटेल लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।
पाटीदार आंदोलन का मुख्य चेहरा रहे हार्दिक पटेल ने सोमवार को विरमगाम के चंद्रनगर प्राइमरी स्कूल पर मतदान किया। वे विरमगाम से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। हार्दिक ने दावा किया कि राज्य में फिर भाजपा की सरकार बनेगी। गुजरात के लोग विकास के लिए मतदान करेंगे।