शारजाह में हादसे में वडोदरा के दंपती की मौत
अहमदाबादPublished: Feb 13, 2019 11:41:03 pm
दो बालकों सहित 6 घायल, अमरीका में रहने वाले परिवाजन 10 वर्ष बाद मिलन के चलते गए थे यूएई घूमने, लौटने की पूर्व रात्रि में हुए हादसे के शिकार
शारजाह में हादसे में वडोदरा के दंपती की मौत
वडोदरा. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में मंगलवार देर रात हादसे में कार में सवार मूल वडोदरा के दंपती की मौत हो गई। दो बालक व दो अन्य दंपती सहित 6 जने घायल हो गए। अमरीका में रहने वाले परिवाजन 10 वर्ष बाद मिलन के चलते यूएई घूमने गए थे और बुधवार को पुन: लौटने से पहले ही हादसे के शिकार हो गए।
यूएई के एक समाचार पत्र खलीज टाइम्स के अनुसार अल मदाम-शारजाह मार्ग पर नाजवी क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 10.40 बजे तेज गति से जा रही कार के चालक ने स्टीयरिंग से नियंत्रण खोया और कार पलटकर सड़क से नीचे उतर गई। गति तेज होने के कारण कार ने अनेक बार पलटी खाई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर घायल दंपती विनोद के. पटेल (46 वर्ष) व रोहिणी वी. पटेल (41 वर्ष) को अल घईद अस्पताल में भर्ती करवाया, वहां दोनों की मौत हो गई। अन्य घायलों को अल कासमी अस्पताल में भर्ती किया गया।
हादसे के बारे में वडोदरा में मिली जानकारी के अनुसार वडोदरा निवासी विनोद पटेल रोहिणी पटेल का पुत्र बरूद लंदन में अध्ययनरत है और विनोद के परिजन अमरीका में रहते हैं। करीब 10 वर्ष बाद सभी परिवारजन बालकों सहित वडोदरा में एकत्रित हुए थे। साथ में समय बीताने के लिए सभी जने 8 से 13 फरवरी तक के यूएई के टूर पर गए थे। इनमें विनोद, रोहिणी, अमरीका से आए दो दंपती व दो बालक शामिल थे।
मंगलवार को डेजर्ट सफारी के बाद रात को पुन: शारजाह स्थित होटल लौटते समय हादसे के शिकार हुए। हादसे व दंपती की मौत की सूचना मिलने पर स्थानीय परिवारजनों में शोक व्याप्त हो गया। लंदन निवासी बरूद को भी वडोदरा बुलाया गया है, वह संभवतया गुरुवार को यहां पहुंचेगा।