Gujarat : कच्छ जिले के नलिया में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री
शीतलहर की चेतावनी, राज्य के अन्य भागों में भी लुढ़का पारा

अहमदाबाद/आणंद. उत्तर भारत के विविध भागों में बढ़ती सर्दी का असर अब गुजरात में होने लगा है। राज्य के कच्छ जिले के नलिया में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया जो गुरुवार के मुकाबले छह डिग्री कम है। मौसम में यह सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने नलिया में शनिवार और रविवार को शीतलहर की चेतावनी दी है।
राज्य के अधिकांश भागों में पिछले दो दिनों से ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का जोर बढ़ गया है। अहमदाबाद शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेन्टीग्रेड दर्ज किया गया जो गुरुवार की तुलना में लगभग एक डिग्री कम है। सबसे कम न्यूनतम तापमान कच्छ के नलिया का रहा। शुक्रवार को नलिया में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया जो इस मौसम में सबसे कम है। इसके अलावा सौराष्ट्र के सबसे बड़े शहर राजकोट, कच्छ के कंडला एयरपोर्ट और उत्तर गुजरात के डीसा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे चला गया। सर्दी का जोर बढऩे के कारण राज्यभर में लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। आणंद शहर में भी शुक्रवार को सबसे कम तापमान रहा। इसके अलावा वडोदरा में न्यूनतम तापमान 13.8 और सूरत में 15.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
मौसम विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि शनिवार एवं रविवार को राज्य के कच्छ जिले के नलिया व अन्य कुछ भागों में शीतलहर के कारण सर्दी का जोर बढ़ सकता है।
अब पाइए अपने शहर ( Ahmedabad News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज