अहमदाबाद

ट्रेनों में बिना टिकट मिले २७९ यात्रियों से वसूले एक लाख

विशेष अभियान

अहमदाबादJan 31, 2018 / 11:04 pm

Omprakash Sharma

File Photo

अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के वाणिज्य , रेल सुरक्षा बल एवं सतर्कता विभागों के संयुक्त तत्वाधान से एक सप्ताह तक चलाए गए अभियान में विविध ट्रेनों से बिना टिकट यात्रा करते हुए २७९ यात्री मिले। उनसे एक लाख रुपए से अधिक जुर्माना वसूला गया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रविन्द्र भाकर के अनुसार २० से २७ जनवरी तक बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ६८ ट्रेनों में टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। उस दौरान बिना टिकट/अनियमित यात्रा के २७९ यात्री मिले। जुर्माने की एवज में उनसे एक लाख चार हजार रुपए वसूले गए। इसके अलावा २१ एवं २२ जनवरी को ट्रेन संख्या १२४७९ सूर्यनगरी एक्सप्रेसस में औचक टिकट निरीक्षण भी किया गया। दोनों दिनों में इस ट्रेन में अनियमित यात्रा करते पाए २५४ यात्रियों से जुर्माने के रूप में करीब ९० हजार रुपए वसूले गए। इस अभियान में विविध विभागों के १०९ रेल कर्मी जुड़े। इस तरह के अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेंगे, ताकि रेलवे को आर्थिक नुकसान न हो।
भावनगर मंडल की दो ट्रेनों का समय बदला
भावनगर. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने भावनगर मंडल की दो ट्रेनों का समय गुरुवार से बदलने का निर्णय किया है।
भावनगर मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक असलम शेख के अनुसार ट्रेन संख्या ५९२२८ (भावनगर-बोटाद) से धोला पहुंचने का समय सुबह ०६.०३ बजे के बदले अब ०६.०० बजे होगा। शेष स्टेशनों पर पहुंचने के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया है। इसके अलावा ट्रेन संख्या ५९२३५ (धोला-महुवा) का प्रस्थान होने का समय अब पांच मिनट विलंब से होगा। इस ट्रेन का धोला से प्रस्थान का समय सुबह ६.२५ बजे की जगह अब ६.३० बजे कर दिया गया है। अन्य स्टेशनों पर पहुंचने के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इसके अलावा इंगोराला स्टेशन, जालिया स्टेशन, ढसा स्टेशन तथा दामनगर रेलवे स्टेशन पर ये ट्रेन पूर्व समय पर ही पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर रेलवे प्रशासन ने यह निर्णय किया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.