गुजरात भाजपा के पेज समिति अभियान को पीएम ने सराहा
PM Narendra Modi, letter, Gujarat, BJP, Page samiti, C R Patil, प्रधानमंत्री ने सभी पेज समिति सदस्यों को लिखा पत्र, केन्द्र-राज्य की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में होगी मददगार-पाटिल

अहमदाबाद. गुजरात भाजपा की ओर से छेड़े गए 'पेज समिति' बनाने के अभियान को मिली सफलता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सराहा है। उन्होंने गुजरात भाजपा की ओर से बनाई गईं १५ लाख पेज समिति के सभी सदस्यों को पत्र लिखा है। उन्होंने इस महा जन संपर्क अभियान के तहत १५ लाख पेज समिति के सदस्यों की ओर से सवा दो करोड़ मतदाताओं से संपर्क करने को भी काफी धीरज वाला कार्य बताया। पीएम ने पत्र में लिखा कि किसी भी वटवृक्ष के लिए उसकी जड़ें अहम होती हैं उसी प्रकार किसी भी पार्टी के लिए समर्पित जमीनी कार्यकर्ता नींव रूपी संपत्ति हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा छेड़ा जाने वाला जनसंपर्क अभियान जनसेवा में परिवर्तित होता है।
गुजरात प्रदेश भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल ने पीएम नरेन्द्र मोदी की ओर से लिखे गए पत्र के बारे में पार्टी मुख्यालय कमलम में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम ने यह पत्र सभी पेज समिति सदस्यों को भेजा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के पत्र में दिए संदेश को भाजपा संगठन जन-जन तक पहुंचाएगा।
पेज समिति की रचना में सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, विविधताओं के साथ सदस्य बनाए यह बात प्रेरणादायी है। देश के गृहमंत्री से लेकर सीएम और डिप्टी सीएम भी पेज प्रमुख बने और संगठनात्मक कार्य किया।
पाटिल ने कहा कि पेज समिति केवल चुनाव तक ही सीमित नहीं हंै बल्कि केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याण की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में भी उपयोगी साबित होंगीं।
पाटिल ने इस दौरान कमलम् में उपस्थित मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों, प्रदेश के अग्रणी नेताओं और चुनावी कार्य में जुटे प्रतिनिधियों को पीएम नरेन्द्र मोदी का संदेश भेंट स्वरूप प्रदान किया।
सवा दो करोड़ मतदाताओं का संपर्क
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने भी संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पेज समिति के जरिए भाजपा ने सवा दो करोड़ मतदाताओं का संपर्क किया है। यह एक बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो जनता के बीच रहकर जनकल्याण के कार्य निरंतर करती है।
थीम सोंग को १.10 लाख से ज्यादा बार देखा गया
भाजपा के स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर जारी किए गए थीम सोंग को अलग-अलग सोशल मीडिया के वैश्विक दस प्लेटफॉर्म पर एक लाख दस हजार से ज्यादा बार देखा गया है। भाजपा ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन प्रचार में भी पूरी ताकत झोंक रही है।
अब पाइए अपने शहर ( Ahmedabad News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज