राजकोट. शहर में आजादी का अमृत महोेत्सव के तहत राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने के इरादे से मनपा की ओर से शहर में सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान राजकोट शहर तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई दिया। 100 फीट लंबे तिरंगे झंडे ने लोगों को आकर्षित किया। जुबली चौक पर बहुमाली इमारत के समीप सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से महात्मा गांधी की प्रतिमा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान छात्रों, पुलिसकर्मियों, व्यापारियों समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। 100 फीट लंंबे तिरंगे के साथ पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बन गया। स्कूली बच्चों और शिक्षकों की प्रभातफेरी भी निकाली गई। महापौर डॉ. प्रदीप डव की अध्यक्षता में आयोजित तिरंगा यात्रा से पहले मंच से सामाजिक न्याय व अधिकाकरता मंत्री भानुबेन बाबरिया, सांसद मोहन कुंडारिया, राम मोकरिया, विधायक डॉ. दर्शिता शाह, उदय कानगड आदि ने संबोधित किया। मनपा आयुक्त आनंद पटेल ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े और तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। तिरंगा यात्रा में बाइक व घोड़े पर सवार पुलिसकर्मी, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी, पुलिस बैंड भी साथ थे। जामनगर में उमड़े शहर के लोग जामनगर मनपा की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा को सोमवार सुबह लाखोटा तालाब से झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें महापौर बीना कोठारी, विधायक दिव्येशभाई अकबरी, विधायक रीवाबा जाडेजा, उप महापौर तपन परमार, जिला कलक्टर बिजल शाह, मनपा आयुक्त डी एन मोदी, एसपी प्रेमसुख डेलू शहर भाजपा अध्यक्ष विमल कगथरा, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के स्कूलों के छात्र, आईएनएस नेवी वालसुरा के जवान, जामनगर फायर अकादमी, होम गार्ड, पुलिस विभाग, मनपा के कर्मचारी व बड़ी संख्या में शहर के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर पौधरोपण किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगा खंभालिया शहर देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया शहर में तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र, नागरिक शामिल हुए। जिला कलक्टर अशोक शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष भावना परमार आदि ने यात्रा का प्रस्थान करवाया। यह यात्रा जी.वी.जी. स्कूल रोड से प्रांत अधिकारी कार्यालय तक आयोजित की गई। हाथ में तिरंगे के साथ वंदे मातरम, भारत माता की जय के जय घोष ने खंभालिया शहर में पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। आरंभ में बैंड-बाजे, गणमान्य नागरिक, पुलिस, विद्यार्थी, नागरिक शामिल हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। छात्रों ने उत्साह से लिया हिस्सा शहर के बहाउद्दीन कॉलेज से कृषि विश्वविद्यालय के सभागार तक हर घर तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। तिरंगा यात्रा में अधिकारियों, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवानों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यात्रा में जूनागढ़ शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। महंत इंद्रभारती बापू, सांसद राजेश चुडासमा, महापौर गीता परमार, विधायक संजयभाई कोर्डिया, उप महापौर गिरीश कोटेचा, कलक्टर अनिलकुमार राणावासिया, मनपा आयुक्त राजेश तन्ना सहित गणमान्य लोगों ने हर घर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई और तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
खंभालिया शहर में छात्रों ने उत्साह से लिया हिस्सा
खंभालिया
जामनगर में उमड़े शहर के लोग