scriptमां व भाई-बहनों के सामने ही सौतेले पिता ने किया दुष्कर्म | step father raped his minor daughter police arrested | Patrika News

मां व भाई-बहनों के सामने ही सौतेले पिता ने किया दुष्कर्म

locationअहमदाबादPublished: Feb 08, 2018 07:00:58 pm

Submitted by:

Nagendra rathor

विरोध कर रही पीडि़ता की मां को पीटा, पीडि़ता के भाई-बहनों को भी दी जान से मारने की धमकी, शिकायत दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

Rape
अहमदाबाद. शहर से सटे गांधीनगर जिले के झुंडाल गांव में पिता-पुत्री के पवित्र संबंध को तारतार करने वाली एक शर्मनाक घटना प्रकाश में आई है। नाबालिग १५ वर्षीय सौतेली पुत्री से दुष्कर्म करने का आरोप पिता पर लगा है। पिता को ऐसी शर्मनाक हरकत करने से रोकने के लिए उसके सामने हुई पीडि़ता की मां की पिटाई भी आरोपी पिता की ओर से किए जाने की बात सामने आई है।
सबसे हैरानी की बात तो यह है कि आरोपी ने अपने अन्य बच्चों के सामने ही ऐसी घिनौनी हरकत की। बच्चों को यह बात किसी से कहने पर जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे बच्चे सहमे हुए हैं। आरोपी के घर से बाहर जाने पर पीडि़ता की मां पीडि़ता को लेकर अडालज थाने पहुंची और आरोपी पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत में पीडि़ता की ३५ वर्षीय मां ने लिखाया है कि यह घटना पांच फरवरी की रात को झुंडाल गांव में उसके घर पर हुई। पीडि़ता अपनी मां और सौतेले पिता के साथ यहां रहती है। शिकायतकर्ता व पीडि़ता की मां का आरोपी के साथ दूसरा विवाह हुआ है। पीडि़ता की मां का १८ साल पहले कोलकाता में रहने वाले युवक से विवाह हुआ था। पीडि़ता और उसकी एक १४ वर्षीय सगी बहन पहले पति की संतान हैं। पहले पति की वर्ष २००६ में मौत हो गई।

पीडि़ता की मां महाराष्ट्र की रहने वाली है। पहले पति की मौत के बाद वर्ष २००६ में पीडि़ता की मां का दूसरा विवाह मूलरूप से राजस्थान के रहने वाले आरोपी से हुआ। जो ट्रक चलाता है। इसके बाद से पीडि़ता, उसकी मां व सौतेला पिता दस सालों से अहमदाबाद में अलग अलग जगह रहकर मजदूरी करते हैं।

आरोपी से पीडि़ता की मां को चार संताने हैं। इसमें एक पुत्र और तीन पुत्रियां भी शामिल हैं। बड़ा पुत्र ११, उससे छोटी बहन आठ, उससे छोटी पांच साल और उससे छोटी बहन दो साल की है। पीडि़ता अपनी मां, एक १४ वर्षीय सगी बहन और तीन सौतेली बहन व एक सौतेले भाई व पिता के साथ कमरे में सो रही थीं।

इसी दौरान पांच फरवरी की रात को उसका सौतेला पिता उसके पास आया और उसके साथ जबरजस्ती करने लगा। उसकी मां जाग रही थी, जिससे उसने इसका विरोध किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीडि़ता की मां की पिटाई की। इस दौरान उसके अन्य भाई बहन भी जाग गए।
आरोपी ने संबंधों की सभी सीमाएं पार करते हुए नाबालिग पीडि़ता के साथ भाई-बहनों और मां के सामने दुष्कर्म किया। यह बात किसी से कहने पर सभी को जान से मार देने की धमकी दी। बेबस पीडि़ता और उसकी मां ने यह बात उस दिन तो किसी को नहीं बताई।
वह इस घटना से सदमें में थीं। क्योंकि उस दिन आरोपी नौकरी नहीं गया और पूरे दिन घर पर ही था। घटना के एक दिन बाद जब आरोपी सौतेला पिता घर से बाहर नौकरी गया तब पीडि़ता की मां को हिम्मत आई और वह पीडि़ता को लेकर अडालज थाने पहुंच गई। थाने में उसने अपने पति की करतूत की शिकायत दर्ज कराई। अडालज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो