विदाई के दौरान बिगड़ी दुल्हन की तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
अहमदाबादPublished: Mar 04, 2021 10:28:47 pm
कोरोना की जांच रिपोर्ट आई पॉजिटिव, परिवारजनों में शोक व्याप्त
विदाई के दौरान बिगड़ी दुल्हन की तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
वडोदरा. कोरोना महामारी के इस दौर में वडोदरा शहर में गुरुवार को एक मार्मिक घटना सामने आई है। विवाह के बाद विदाई के दौरान अचानक दुल्हन की तबीयत बिगडऩे से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच करने पर उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इस घटना से परिवार में शोक व्याप्त है।
घटना गुरुवार सुबह शहर के गोत्री क्षेत्र स्थित कृष्णा टाऊनशिप में हुई। यहां रहने वाली मुक्ता सोलंकी (25) के इसी टाऊनशिप में रहने वाले हिमांशु शुक्ला (38) से प्रेम संबंधे थे। परिवारजनों की मौजूदगी में 1 मार्च 2021 (तीन दिन पूर्व) ही दोनों का विवाह हुआ। विवाह के बाद मुक्ता को बुखार आने के कारण पारिवारिक चिकित्सक से दवाई दिलाई गई।
गुरुवार सुबह वह ससुराल से मायके आ रही थी। जिससे परिवार में खुशी का माहौल था, रिश्तेदार भी पहुंच गए। बुखार के कारण कमजोरी के बावजूद मुक्ता भी उत्साहित थी। वह सज-धजकर तैयार हो गर्ई। विदाई का समय समीप आते-आते मुक्ता को अचानक चक्कर आ गए और वह गिर गई।
आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस से उसे शहर के सयाजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवारजनों में शोक व्याप्त हो गया। खेती में काम आने वाली वस्तुओं का व्यवसाय करने वाले हिमांशु का रुदन भी नहीं रुक रहा था। सूचना मिलने पर कृष्णा टाऊनशिप में भी माहौल गमगीन हो गया।
मुक्ता की मौत के बाद अस्पताल में कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुरूप कोरोना जांच करवाई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुरूप ही परिजनों को शव सौंपा गया। सूचना मिलने पर लक्ष्मीपुरा थाने के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) नटवरभाई व टीम अस्पताल पहुंची और कार्रवाई की। परिजनों की भी कोरोना जांच कराने की तैयारी की जा रही है।