scriptमुख्यमंत्री पटेल की मौजूदगी में तिरंगा मय हुआ राजकोट | Tricolor raised in Rajkot in the presence of the Chief Minister Patel | Patrika News

मुख्यमंत्री पटेल की मौजूदगी में तिरंगा मय हुआ राजकोट

locationअहमदाबादPublished: Aug 12, 2022 10:51:31 pm

Submitted by:

Rajesh Bhatnagar

भेदभाव रहित राष्ट्रीय पर्व मनाना भारत की ऐतिहासिक धरोहर : सीएम

मुख्यमंत्री पटेल की मौजूदगी में तिरंगा मय हुआ राजकोट

राजकोट में 200 फीट लंबा तिरंगा लेकर घूमे एनसीसी कैडेट्स।

राजकोट. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को राजकोट में आयोजित हुई दो किलोमीटर लम्बी तिरंगा यात्रा में शामिल होकर शहर के लोगों से यात्रा में जुडऩे के लिए देशभक्तिपूर्ण अपील की।
देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष के अवसर पर मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा को मुख्यमंत्री ने शहर के बहुमंजिला भवन चौक से झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने भवन स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा देश अमृत काल में प्रवेश कर रहा है, सभी देशवासियों के लिए तिरंगा यात्रा देशभक्ति का अमूल्य अवसर है। उन्होंने देश तथा राज्य के हर नागरिक से कंधे से कंधा मिला कर देश की प्रगति में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के भेदभाव के बिना राष्ट्रीय पर्व का उत्सव मनाना भारत की ऐतिहासिक धरोहर है।
गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए लोगों को नशाबंदी की शपथ दिलाई। जिला कलक्टर अरुण महेश बाबू आजादी का अमृत महोत्सव की पृष्ठभूमि बताई। महापौर डॉ. प्रदीप डव ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने पर शहर के लोगों का स्वागत किया। शहर के विविध मार्गों पर निकाली गई 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी के संस्मरणों से जुड़ी राष्ट्रीय शाला (राष्ट्रीय विद्यालय) पहुंचकर संपन्न हुई।
200 फीट लंबा तिरंगा लेकर घूमे एनसीसी कैडेट्स

राजकोट टेक्सटाइल एसोसिएशन की ओर से बनाए गए 200 फीट लम्बे राष्ट्रीय ध्वज को एनसीसी कैडेट्स पूरे सम्मान के साथ समग्र यात्रा के दौरान साथ लेकर घूमे। विभिन्न प्वाइंट पर देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
तिरंगा यात्रा में कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल वजू वाला, सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल, जिला प्रभारी व शिक्षा मंत्री जीतू वाघाणी, कुटीर उद्योग व सहकारिता राज्यमंत्री जगदीश विश्वकर्मा, परिवहन राज्यमंत्री अरविंद रैयाणी, सांसद मोहन कुंडारिया, राम मोकरिया, कच्छ के सांसद विनोद चावड़ा, विधायक गोविंद पटेल, लाखाभाई सागठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष भूपत बोदर, राजकोट मनपा की स्थायी समिति अध्यक्ष पुष्कर पटेल, मनपा आयुक्त अमित अरोड़ा आदि शामिल हुए।
राजकोट चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष वी.पी. वैष्णव, पुलिस तथा दमकल के बाइक सवार कर्मचारी, पुलिस बैण्ड, ब्रह्माकुमारी संस्था तथा गुरुकुल मंडल सहित विभिन्न मंडलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहर के लोग शामिल हुए, इस दौरान राजकोट शहर तिरंगा मय दिखाई दिया। बहुमंजिला भवन चौक में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व दिव्यांग बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किए।

ट्रेंडिंग वीडियो