scriptपवित्र यात्राधामों में शामिल होगा वड़ताल : रूपाणी | Vadtal to be include in holy places | Patrika News

पवित्र यात्राधामों में शामिल होगा वड़ताल : रूपाणी

locationअहमदाबादPublished: Jan 02, 2018 10:58:12 pm

Submitted by:

Rajesh Bhatnagar

राज्य के गांवों व शहरों को अधिक सुविधाजनक बनाने का जताया संकल्प

cm in vadtal
आणंद. मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि स्वामीनारायण संप्रदाय के लिए परम आस्था की भूमि समान वड़ताल को राज्य के पवित्र यात्राधामों की सूची में शामिल किया जाएगा और हरिकृष्ण महाराज के दर्शनार्थ आने वाले यात्रियों के लिए सरल व सुविधाजनक बनाने को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने खेडा जिले के वड़ताल में मां जगदंबा के प्रागट्य दिवस यानी पोषी पूर्णिमा पर मंगलवार को सद्गुरु ध्यानीस्वामी सत्संग सभा में हरिकृष्ण महाराज सहित आचार्य व संतों के दर्शन किए और संस्था के आचार्य राकेशप्रसाद महाराज व संतों का आशीर्वाद लेने के बाद यह बात कही।
उन्होंने कहा कि वे धर्मदंड को राजदंउ से सर्वोपरि मानते हैं, अभिनव ऊर्जा से व साधु-संतों के आशीर्वाद-मार्गदर्शन से बापू का रामराज्य साकार करने का संकल्प किया है। अडीखम गुजरात की दुनिया में प्रतिष्ठा बढ़ाने व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारत को विश्वगुरु बनाने की परिकल्पना को मजबूत बनाने के लिए गुजरात को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने का लक्ष्य है।
विधानसभा चुनाव प्रचार शुरू करके दूसरी बार मुख्यमंत्री बने
मुख्यमंत्री ने वड़ताल धाम से विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया था और दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर मंगलवार को वड़ताल धाम में मंगलाचरण किया गया।
मुख्यमंत्री को वृतालय श्रेष्ठ सत्संग रत्न सम्मान
संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को वृतालय श्रेष्ठ सत्संग रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। आचार्य राकेशप्रसाद महाराज ने मुख्यमंत्री को ऐतिहासिक मूल शिक्षापत्री की प्रतिलिपि भेंट की। संस्था की ओर से मुख्यमंत्री की अनोखी प्रसादी मगसतुला की गई। यह प्रसाद कन्याओं को पोषक आहार के तौर पर वितरित किया गया। मुख्यमंत्री ने धर्म शिक्षण के लिए संस्था की अंग्रेजी पत्रिका के प्रथम अंक का विमोचन किया। विश्व के 21 देशों के भक्तों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
सामान्य नागरिक की व्यथा का निराकरण करने को तत्पर
मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव से पहले वड़ताल धाम से मिले विजयीभव की शुभाशीष के लिए आभार जताया। उन्होंने संतों के आशीष की शक्ति से लोगों की ओर से पुन: सरकार बनाने व सेवा करने के अवसर को सार्थक करने के लिए तत्पर रहने का विश्वास जताया। उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को मोसाळ में जमण व मा पीरसनारी कहावत सुनाते हुए गुजरात को विकास के मार्ग पर ले जाने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल बनाने की जानकारी भी दी। संस्था की ओर से नौतमस्वामी ने पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल व नरेंद्र मोदी के हाथों स्थापित यात्राधामों को सुविधायुक्त बनाने की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। कोठारी स्वामी घनश्यामदास, देवस्वामी, ट्रस्टी मंडल के सदस्य व बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद थे।
नूतन बस स्टेंड का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने वड़ताल में लक्ष्मीनारायण देव संस्था की भूमि व वित्तीय सहयोग से वड़ताल में निर्मित होने वाले नूतन बस स्टेंड का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि गुजरात राज्य मार्ग वाहन व्यवहार निगम (जीएसआरटीसी-एस.टी. निगम) की ओर से इस बस स्टेंड को बस पोर्ट के समकक्ष आधुनिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वड़ताल के वर्तमान व पुराने बस स्टेंड के नूतन निर्माण में लक्ष्मीनारायण देव संस्था की ओर से सहयोग किया गया है। वड़ताल धाम के बीच स्थित पुराने बस स्टेंड पर भीड़-भाड़ व यातायात की समस्या महसूस की जा रही थी।
इसके विकल्प के तौर पर संस्था की भूमि पर दो करोड़ रुपए के खर्च से नूतन बस स्टेंड निर्मित करवाने की धर्म संस्था की पहल को सराहनीय बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म संस्था के सहयोग व अभिनव पहल पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के अभियान को नई दिशा देगी व प्रेरणाप्रद बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने बस स्टेंड से मुख्य मंदिर तक यात्रियों के आवागमन के लिए निशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की संस्था की योजना की सराहना की। इस मौके पर परिवहन राज्यमंत्री ईश्वरसिंह पटेल, विधानसभा के मुख्य दंडक पंकज देसाई, सांसद देवुसिंह चौहाण, विधायक केसरीसिंह सोलंकी, अर्जुनसिंह चौहाण, जीएसआरटीसी की प्रबंध निदेशक सोनल मिश्रा भी मौजूद थीं।

ट्रेंडिंग वीडियो