गांधीनगर. गुजरात विधानसभा में बुधवार को प्रश्न काल के दौरान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। प्रश्न काल के पहले प्रश्न के जवाब में गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने बताया कि विजय रूपाणी उनके मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे। कांग्रेस को अपना घर संभालना चाहिए। मध्य प्रदेश में जारी राजनीतिक उठापटक का प्रभाव भी सदन में देखने को मिला। जाडेजा ने कहा कि उनके नेता मजबूत हैं और उनकी पार्टी भी मजबूत है। इस बयान के साथ ही भाजपा विधायकों ने इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सत्ता बदलना जगजाहिर है इसलिए कांग्रेस को अपना घर संभालना चाहिए। वहीं गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि उनका जन्म भाजपा में ही हुआ है और वे भाजपा में ही रहेंगे। गुजरात विधानसभा में प्रश्न काल के दौरान खुद पटेल ने यह बात कही। पिछले कई दिनों से राज्य विधानसभा के भीतर और बाहर पटेल के नाम को लेकर कांग्रेस के नेता अलग-अलग बयान दे रहे थे।