अहमदाबाद

Gujarat Crime News : महिला ने नौ महीने की पुत्री की हत्या कर की आत्महत्या

संयुक्त परिवार से अलग होने की बात को लेकर महिला व उसके पति में कुछ समय से अनबन चल रही थी

अहमदाबादMay 26, 2022 / 01:23 am

Binod Pandey

Gujarat Crime News : महिला ने नौ महीने की पुत्री की हत्या कर की आत्महत्या

राजकोट. सुरेन्द्रनगर जिले के गांव में ससुराल में संयुक्त परिवार में रहने वाली महिला ने नौ महीने की पुत्री की गला घोंट कर हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला पति के बयान के आधार पर पुत्री की हत्या का मामला दर्ज किया है। संयुक्त परिवार से अलग होने की बात को लेकर महिला व उसके पति में कुछ समय से अनबन चल रही थी। घटना के दिन पति दूध लेने बाहर गया था। इसी दौरान महिला ने घर का दरवाजा बंद कर नौ महीने की पुत्री का प्लास्टिक की डोरी से गला घोंट कर हत्या कर दी। उसके बाद महिला ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली।
हत्या का मामला दर्ज
दूध लेकर घर पहुंचने पर पति ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने खिड़की से अंदर झांका तो पत्नी फंदे पर लटकी दिखी। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत ही माता-पुत्री को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पति की शिकायत पर मृतक महिला के खिलाफ पुत्री की हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।

युवक की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
राजकोट. सुरेन्द्रनगर जिले के वढवाण में बेसबॉल के बैट और कपड़े धोने के धोवणे से पीट कर एक युवक की हत्या कर दी गई। वढवाण पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वढवाण के समला गांव का युवक कस्तुर वाघेला कारखानों मेंं सफाई और मजदूरी का काम करता था। वह किसी काम से वढवाण आया था। वह लींबडी की ओर जाने के लिए सड़क पर खड़ा होकर वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो अन्य लोगों के साथ किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। दोनों लोगों ने कस्तुर को अपनी बाइक पर बिठाया और खारवा रोड स्थित सूनसान जगह पर ले गए।

अन्य सामान जब्त
वहां दोनों ने बेसबॉल के बैट और कपड़े धोने के धोवणे से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर वढवाण पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई और वढवाण के खारवा रोड हुडको क्षेत्र में रहने वाले युवराज सिंह मोरी और दिव्यराज उर्फ देवराज बारड को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर बेसबॉल का बैट, कपड़े धोने के धोवणा और बाइक जब्त की। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पीएसआई डी डी चुडास्मा जांच कर रहे हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.