वासणा में विवाहिता की हत्या
अहमदाबादPublished: Nov 10, 2018 10:36:11 pm
खुले प्लॉट से मिला शव, प्रेमी पर शंका
वासणा में विवाहिता की हत्या
अहमदाबाद. शहर के वासणा इलाके में अमन-आकाश पार्टी प्लॉट के पास एक खुले प्लॉट में विवाहिता का शव मिला। विवाहिता की सिर पर पाटिया से वार करके हत्या करने की प्राथमिक जांच में बात सामने आई है। विवाहिता के प्रेमी पर शंका है।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि अमन-आकाश पार्टी प्लॉट के पास एक प्लॉट में युवती का शव मिला है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता की शिनाख्त हिना मराठी (२८) के रूप में की। भूदरपुरा इलाके में रहने वाली उसकी मौसी नर्मदाबेन भी मौके पर पहुंच गई। उसने मृतका की शिनाख्त की।
नर्मदाबेन ने मीडिया को बताया कि मृतका उसकी भांजी है। उसका पहले समाज में विवाह किया था, लेकिन उसे वहां नहीं रहना था जिससे उसने बाद में भाविन मराठी के साथ प्रेम विवाह कर लिया। उससे उसे डेढ़ साल का पुत्र भी है। इस बीच ससुराल में और पति से अनबन होने के चलते वो मौसी के घर आकर रहने लगी। विवाहिता के एक महको नाम के युवक के साथ भी अवैध संबंध बन गए। जिससे वो अक्सर अमन आकाश पार्टी प्लॉट के पास खुले मैदान में उससे रात को मिलती थी। शुक्रवार की रात को भी दोनों पहले भूदरपुरा चाली के पास देखे गए और बाद में शनिवार सुबह विवाहिता का शव मिला। विवाहिता हिना और उसके प्रेमी मेहको के बीच भी झगड़ा हुआ होने की बात सामने आ रही है। इस बीच पुलिस को शंका है कि मेहको ने ही विवाहिता की हत्या की हो सकती है। मौके से शव के पास पड़ा एक पाटिया भी पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिससे सिर में वार करके उसकी हत्या की गई। पाटिया में विवाहिता के सिर के बाल भी लगे हुए हैं।
इलाके के एसीपी वी.जी.पटेल ने मीडिया को बताया कि विवाहिता का शव मिला है। सिर पर पाटिया से वार करके उसकी हत्या की गई है। मृतका की शिनाख्त कर ली गई है। प्रेम प्रकरण में हत्या की आशंका है। पुलिस जल्द ही इस मामले को सुलझा लेगी।