पूरे देश में मनाया जा रहा है शोक
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की खबर सुनकर देशभर में शोक की लहर फैल गई। बता दें कि लंबी बीमारी के बाद गुरुवार शाम उनका देहांत हो गया। गंभीर बीमारी के चलते उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत लंबे समय से नाजुक चल रही थी। वहीं देश-भर के साथ- साथ राजस्थान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
अंतिम दर्शन को उतरा लोगों जनसैलाब
सबके चहेते नेता अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली की सड़कों पर लोगों का जनसैलाब उतर आया है। इस वक्त उनके पार्थिव शरीर को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय ले जाया जा रहा है। इस राह में सड़कों के किनारे लोगों का हुजूम है। सभी लोग वाजपेयी जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। वाजपेयी अमर रहे के जयघोष से दिल्ली गुंजायमान है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पार्थिव शरीर को सेना के विशेष ट्रक में ले जाया जा रहा है। ट्रक के आगे सेना के तीनों अंगों (थल, नभ, जल) के जवान चल रहे हैं। उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पहुंच चुके हैं। कुछ देर में अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर बीजेपी मुख्यालय पहुंचेगा। यहां पर उनके अंतिम दर्शन किए जाएंगे। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित किया।