अजमेर

अजमेर नगर निगम: उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में कम रहा उत्साह

वार्ड 22 में 54.10 और वार्ड 52 में 48.48 प्रतिशत मतदान

अजमेरAug 05, 2019 / 11:50 am

Amit

अजमेर नगर निगम: उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में कम रहा उत्साह

अजमेर.
नगर निगम के दो वार्डों में रविवार को उपचुनाव में मतदाताओं ने खास रुचि नहीं दिखाई। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की प्रयासों के बावजूद लगभग आधे मतदाताओं ने ही मत का प्रयोग किया। मतदान के दौरान कुछ केन्द्रों पर विवाद की छिटपुट घटनाएं हुई। इसके तहत केन्द्रीय बालिका विद्यालय मतदान केन्द्र पर भाजपा और कांगे्रसी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। हालांकि पुलिस के दखल के बाद मामला शांत हो गया।
अतिरिक्त कलक्टर अरविंद सेंगवा ने बताया कि वार्ड नंबर 22 के उपचुनाव में 54.10 प्रतिशत जबकि वार्ड नंबर 52 के उपचुनाव के लिए 48.48 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड 22 में दो मतदान केन्द्रों पर 5 ईवीएम और वार्ड 52 में चार मतदान केन्द्रों पर 7 ईवीएम लगाई गई। मतगणना 6 अगस्त को सुबह 8 बजे से जवाहर सीनियर सैकंडरी स्कूल में होगी।
यह भी पढ़ें

पहले भर गया घरों में पानी, अब बीमारियां फैलने का डर

100 मतदाताओं के नाम नदारद
वार्ड 22 के डीबीएन स्कूल मतदान केन्द्र पर लगभग एक सौ मतदाताओं के सूची से नाम नदारद मिले। मतदान करने आए लोगों ने अपने नाम गायब देखे तो उन्होने मतदान कर्मचारियों के समक्ष विरोध जताया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने बताया कि न्यू गोविंद नगर की कुछ गलियों में रहने वाले लोग अब तक इसी मतदान केन्द्र पर वोट डालते आ रहे हैं। मतदान केन्द्र के अभिकर्ता महेश जोशी ने इस संबंध में निर्वाचन विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें

अजमेर जिले से बॉडर तक जाता है बारिश का पानी

केन्द्रीय बालिका विद्यालय केन्द्र में विवाद
अपराह्न लगभग 3.30 बजे वार्ड 52 के मतदान केन्द्र केन्द्रीय बालिका विद्यालय में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एक भाजपा कार्यकर्ता मोबाइल लेकर मतदान केन्द्र के अंदर काफी देर से बैठकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। थोड़ी देर में कांग्रेस प्रत्याशी सहित अनेक कार्यकर्ता मतदान केन्द्र के बाहर जमा हो गए। विवाद की आशंका को देखते हुए कोतवाली थानाप्रभारी छोटीलाल दल के साथ वहां पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझा कर वापिस रवाना किया।
गजमल गली निवासियों ने किया बहिष्कार
नया बाजार स्थित गजमल गली के क्षेत्रवासियों ने उपचुनाव में मतदान का बहिष्कार किया। क्षेत्रवासियों का आरोप था कि सात-आठ माह पूर्व जलदाय विभाग ने पाइप लाइन बिछाने के लिए सडक़ खोदी। इसके बाद जलदाय विभाग ने न तो कनेक्शन दिए और न ही खोदी गई सडक़ को ठीक किया गया। क्षेत्रवासियों ने इसकी शिकायत नगर निगम सहित अनेक अधिकारियों से की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कुल 6 हजार 622 ने किया मतदान
नगर निगम के दो वार्डों में हुए उपचुनाव में कुल 6 हजार 622 मतदाताओं ने मतदान किया। दोनों वार्ड में कुल 12 हजार 973 मतदाता थे। पुरुष मतदाताओं की संख्या 6 हजार 564 और महिला मतदाताओं की संख्या 6 हजार 409 थी। इनमें से 3 हजार 516 पुरुष और 3 हजार 106 महिला मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। वार्ड 22 में कुल 5 हजार 920 मतदाताओं में से 3 हजार 203 ने वोट डाले जबकि वार्ड 52 में कुल 7 हजार 53 मतदाताओं में से 3 हजार 419 मतदाताओं ने वोट डाला।

Home / Ajmer / अजमेर नगर निगम: उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में कम रहा उत्साह

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.