नड्डा ने जिस मंच से धौलपुर कार्यालय का उद्घाटन किया उस पर लगे पोस्टर में वसुंधरा राजे भी नजर आ रही थीं। हालांकि, धौलपुर में भाजपा कार्यकारिणी द्वारा उन्हें अनदेखा किया गया। यहां शहर से लेकर कार्यालय तक कहीं भी पोस्टर-बैनर में पूर्व सीएम नजर नहीं आईं।
धौलपुर में आयोजित कार्यक्रम में वसुंधरा समर्थक गुट के कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि जिला कार्यकारिणी की ओर से सभी को निमंत्रण तो दिया गया था लेकिन, राजे समर्थक गुट कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ।
वर्चुअल उद्घाटन समारोह को सबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के लिए यह उत्सव का अवसर है। भाजपा का यह कार्यालय ऊर्जा केन्द्र है। संस्कारों का केन्द्र है। कार्यकर्ताओं को तैयार करने के केंद्र है। हमारी पार्टी जिन पांच ‘क’ से चलती है, उनमें से एक ‘क’ कार्यालय का द्योतक हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि हमारे लिए गर्व का विषय है कि राजस्थान में पार्टी के 80 हजार एक्टिव कार्यकर्ता है और लगभग 40 लाख कार्यकर्ता पार्टी को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। मुख्य अतिथि राजकुमार चाहर ने कहा कि सत्ता हमारे लिए सेवा का माध्यम है। हम गांव, गरीब, मजदूर, शोषित पीडि़त, वंचित की सेवा को अपना धर्म मानकर सेवा करते है। जिलाध्यक्ष अध्यक्ष श्रवण कुमार वर्मा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पार्टी कार्य संचालित करने के लिए कार्यकाल सौंपा है। कार्यकर्ताओं को समर्पित यह धौलपुर कार्यालय 365 दिन, 24 घण्टे और 7 दिन उपलब्ध रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में धौलपुर जिले का संगठन कार्यकर्ताओं के उत्साह और उमंग को ऊर्जा में बदलकर जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगा। समारोह को जिला संगठान प्रभारी जवाहर सिंह बेढम, जिला सह संगठन प्रभारी डॉ. लोकेश चतुर्वेदी ने संबोधित किया। इस दौरान धौलपुर विद्यायक शोभारानी कुशवाह, विशिष्ठ अतिथि प्रदेशमंत्री भाजपा महेंद्र सिंह जाटव, सांसद डा. मनोज राजौरिया, एस.टी.मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र मीणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशभर दयाल, पूर्व जिला प्रमुख पंडित किशन चंद शर्मा, पूर्व विधायक जसवंत सिंह गुर्जर साथ में रहे।