अजमेर

Cold Weather: दिसम्बर का सर्द आगाज, हवा में बढ़ी ठंडक

सुबह शहर में कई जगह सड़कों के किनारे और चाय-थडिय़ों पर लोग अलाव के सहारे बैठे दिखे। रात के तापमान में करीब 8 से 9 डिग्री गिरावट बनी हुई है।

अजमेरDec 01, 2020 / 09:47 am

raktim tiwari

cold weather in ajmer

अजमेर.
साल के अंतिम महीना का सर्द आगाज हुआ। मंगलवार को सुबह से ठंडक बनी हुई है। सर्द हवा ने लोगों को कंपकंपाया हुआ है। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री पर पहुंचा है। इसमें सोमवार के मुकाबले 1 डिग्री की गिरावट हुई है।
सुबह से आसमान में धुंध मंडराती रही। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। वाहनों, पेड़-पौधों और जमीन पर ओस जमी रही। हवा में घुली ठंडक ने लोगों को परेशान किया। धूप खिलने के बाद भी सर्दी से कंपकंपी बनी हुई है। सुबह शहर में कई जगह सड़कों के किनारे और चाय-थडिय़ों पर लोग अलाव के सहारे बैठे दिखे। रात के तापमान में करीब 8 से 9 डिग्री गिरावट बनी हुई है।
पारे में जारी उतार-चढ़ाव

बीते नवंबर से तापमान में बदलाव बना हुआ है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में न्यूनतम पारा लुढ़कता हुआ 8.9 से 13.2 डिग्री के बीच रहा था। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और कई प्रदेशों में चक्रवाती परिसंचार बनने से मौसम में तब्दीली हुई है।
अब साल का अंतिम महीना…
साल 2020 का अंतिम महीना दिसंबर शुरू हो गया है। बीते नवंबर से सर्दी अपनी रंगत में है। राज्य में सर्दी का सीजन इस बार लम्बा चलेगा। खासतौर पर दिसंबर से जनवरी-फरवरी 2021 के बीच कोहरा छाने, शीतलहर चलने के अलावा मावठ होगी। मौसम विभाग के अनुसार ला-नीना प्रभाव के चलते इस बार सर्दी के तेवर ज्यादा तीखे रहेंगे। रात के पारे में 1 से 2 डिग्री की कमी रहेगी।
मिलेंगे राजस्थान को आरएएस अफसर, 7 से शुरू होंगे इंटरव्यू

अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग में आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती-2018 के प्रथम चरण के साक्षात्कार 7 दिसंबर से प्रारंभ होंगे। आयोग अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर चुका है।
आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती-2018 के तहत मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार कराए जाएंगे। प्रथम चरण के साक्षात्कार 7 दिसंबर से प्रारंभ होंगे। इसमें 1170 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके साक्षात्कार 13 जनवरी तक चलेंगे। आयोग सचिव शुभम चौधरी के अनुसार अभ्यर्थियों को कोविड-19 से जुड़े निर्देशों की पालना करनी जरूरी होगी। मालूम हो कि आयोग ने आरएएस 2018 के 1051 पदों की एवज में मुख्य परीक्षा में 2010 अभ्यर्थियों को पास किया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.