Coldness: मौसम में जबरदस्त गलन, सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
नलों का पानी भी बर्फ जैसा महसूस हुआ। धूप निकली लेकिन गलन ने चैन नहीं लेने दिया है।
अजमेर.
पौष में सर्दी का सितम जारी है। सोमवार सुबह से सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपाए रखा। धूप खिलने के बावजूद मौसम में गलन के चलते लोगों को राहत नहीं मिली है। न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री रहा। दो दिन में तापमान में 3.3 डिग्री की गिरावट हो गई।
घने कोहरे और ओस की फुहारों के बाद रविवार से मौसम पलटा है। सर्दी के तेवर और तीखे हो गए हैं। सोमवार सुबह सुर्ख धूप निकली। लेकिन बर्फीली हवाओं ने ठिठुराए रखा। नलों का पानी भी बर्फ जैसा महसूस हुआ। पूरे दिन धूप निकली लेकिन गलन ने चैन नहीं लेने दिया है।
सिहरा रही शीतलहर
कोहरा और बादलों की परत हटते ही शीतलहर ने धूजणी छुड़ा दी है। ठंड में हीटर और अलाव लोगों का सहारा बने हुए हैं। शहर में जगप-जगह लोग सूखी पत्तियों और लकडिय़ों से अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाते दिख रहे हैं। रात तापमान में 6 से 8 डिग्री की गिरावट होने से राहत नहीं मिल रही है।
मौसम में आगे क्या...
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह धीरे-धीरे पूर्वी दिशा में बढ़ रहा है। इसके चलते चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र हरियाणा-पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कायम है। इससे सर्दी और गलन का प्रभार बढ़ेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर बना रहेगा।
पिछले दिनों में तापमान (अधिकतम-न्यूनतम)
7 जनवरी:20.5, 07.8
8 जनवरी: 15.8,10.0
9 जनवरी: 15.0, 13.3
10 जनवरी: 22.2,11.6
11 जनवरी: 22.0, 10.0
अब पाइए अपने शहर ( Ajmer News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज