scriptखातेदारी की आड़ में लील रहे इस शहर की खूबसूरत झील | Continuous construction work in Anasagar lake | Patrika News
अजमेर

खातेदारी की आड़ में लील रहे इस शहर की खूबसूरत झील

आनासागर में लगातार हो रहे हैं निर्माण कार्य : कहीं पर झुग्गी-झोपड़ी तो कही पर मकान बनाए, अवैध रूप से हो रहा बस स्टैंड का संचालन

अजमेरMay 29, 2019 / 11:31 am

Preeti

Continuous construction work in Anasagar lake

खातेदारी की आड़ में लील रहे इस शहर की खूबसूरत झील

अजमेर. शहर के सौंदर्य को बढ़ाने वाली आनासागर झील को खातेदारी भूमि की की आड़ में मलबा डालकर लीला जा रहा है। इसके किनारे कहीं पर व्यावसायिक गतिविधि हो रही है तो कहीं पर झुग्गी झोपड़ी डालकर कब्जा किया जा रहा। झील के किनारे डूब क्षेत्र में अधिकतर लोगों ने मकान बना लिए हैं। झील में कब्जा करने के लिए बिल्डिंग वेस्ट मैटेरियल डाला जा रहा है। गौरवपथ आनासागर के किनारे खातेदारी जमीन पर अवैध रूप से बस अड्डा भी चलाया जा रहा है। यहां से नागौर रूट को जाने वाली प्राइवेट बसें संचालित की जा रही हैं। इस बसों का परमिट नौसरघाटी तक ही है लेकिन यह बसें अवैध रूप से शहर में संचालित हो रही हैं। शहर में अवैध रूप से संचालित इन बसों पर कार्रवाई करने वाले जिम्मेदार महकमे आंखें मूंदे हैं। खातेदार बसों को खड़ा करवाने के लिए आनासागर में मलबा डाल रहा है। नगर निगम के मुटाम से आगे भी मलबा डाल गया है। आनासागर झील में पानी की आवक के रास्ते बंद हो रहे हैं। नौसरघाटी राती डांग के जरिए आने वाला नाग पहाड़ी के पानी के नालों पर लोगों ने कब्जे कर मकान बना लिए हैं। झील के भराव क्षेत्र में मलबा व कचरा डाला जा रहा है।

झील में गिर रहा गंदा पानी

आनासागर झील में गंदा पानी जाने से रोकने के लिए 13.5 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है। इसके बावजूद 8 बड़े नालों के लिए झील में गंदा पानी डाला जा रहा है। लक्ष्य के अनुसार घर-घर सीवरेज कनेक्शन नहीं होने से आनासागर में गंदे पानी की आवक जारी है। आनासागर में नाग पहाड़ी, अरावली पर्वतमाला, वैशाली नगर, नौसर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर, बी.के कौल नगर, कोटड़ा सहित अन्य क्षेत्रों का बरसाती व घरों का पानी 8 नालों के जरिए आता है। नाले कचरे गंदगी से अटे हुए हैं। झील के पानी में ऑक्सीजन का स्तर न्यूनतम है। कई बार मछलियां भी मर चुकी हैं।

पानी की भी चोरी

आनासागर के किनारे खातेदारी भूमि पर खेती के लिए झील का ही पानी काम में लिया जा रहा है। इसके लिए कई जगहों पर पानी की मोटरें लगाई गई हैं जिनसे पानी की चोरी की जा रही है।

इनका कहना है

शहर में अवैध रूप से संचालित बसों का संचालन बंद करवाया जाएगा। गौरवपथ पर दो कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई जाएगी।
-धर्मवीर सिंह जानू, एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) अजमेर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो