अजमेर

Covid-19: पेरेंट्स खो चुके स्टूडेंट्स को एमडीएस यूनिवर्सिटी ने दी बड़ी राहत

ऐसे विद्यार्थियों को कैंपस में संचालित पाठ्यक्रमों में नि:शुल्क प्रवेश देगा। इनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

अजमेरSep 22, 2021 / 06:45 pm

raktim tiwari

mdsu fee relaxation

अजमेर. कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में अभिभावकों को खो चुके विद्यार्थियों को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय ने रियायत दी है। विश्वविद्यालय ऐसे विद्यार्थियों को कैंपस में संचालित पाठ्यक्रमों में नि:शुल्क प्रवेश देगा। इनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय में कला, वाणिज्य, विज्ञान, मैनेजमेंट, ललित कला, सामाजिक विज्ञान, विधि, शिक्षा और अन्य संकायों के पाठ्यक्रम संचालित हैं। कार्यवाहक कुलपति प्रो. पी.सी.त्रिवेदी ने बताया कि सत्र 2021-22 में कैंपस कोर्स में दाखिले हो हैं। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में कई विद्यार्थियों के माता या पिता (जो भी कमाने वाले हों) अथवा दोनों परिजनों की मृत्यु हुई है। विश्वविद्यातल मानवीय आधार पर ऐसे विद्यार्थियों को नि:शुल्क दाखिले देगा।
मीडिया पोर्टल प्रारंभ

कुलपति प्रो. त्रिवेदी ने बुधवार को मीडिया पोर्टल की शुरुआत की। इसमें विवि से जुड़ी सूचनाएं, नवाचार और अन्य जानकारियां अपलोड की जाएंगी। कुलपति ने प्रवेश समिति में संयोजक प्रो. नीरज भार्गव के साथ उप कुलसचिव सुनील टेलर, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. अश्विनी तिवारी को भी शामिल किया है।
आसोज में झमाझम, घरों-दुकानों में घुसा पानी

अजमेर. आसोज की घटाएं बुधवार दोपहर शहर में ताबड़तोड़ बरसीं। अधिकांश बाहरी और निचले इलाके जलमग्न हो गए। प्रमुख सड़कों, निचले इलाकों के घरों और दुकानों में पानी भर गया। बरसात से आम जनजीवन पर जबरदस्त असर पड़ा। मौसम विभाग ने 67.8 मिलीमीटर (पौने तीन इंच) और सिंचाई विभाग ने 80 मिलीमीटर (साढे तीन इंच) बारिश दर्ज की।
घनघोर घटाएं दोपहर 3 बजे से झमाझम बरसी। तूफानी बारिश से समूचे शहर में पानी का सैलाब उमड़ा। निचली बस्तियों में गलियों,घरों और दुकानों में तीन से पांच फीट पानी भर गया गया। बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। लोगों के फर्नीचर, अनाज और इलेक्ट्रिक सामान खराब हो गए।

Home / Ajmer / Covid-19: पेरेंट्स खो चुके स्टूडेंट्स को एमडीएस यूनिवर्सिटी ने दी बड़ी राहत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.