scriptडकैत मुकेश गिरोह के गुर्गे मुठभेड़ के बाद यूपी में गिरफ्तार | Dacoit Mukesh gang's henchman arrested in UP after encounter | Patrika News

डकैत मुकेश गिरोह के गुर्गे मुठभेड़ के बाद यूपी में गिरफ्तार

locationअजमेरPublished: Feb 27, 2021 11:33:15 pm

Submitted by:

Dilip

मुठभेड़ में एक गुर्गे को लगी गोली राजस्थान और उत्तरप्रदेश के बॉर्डर पर आगरा जिले के जगनेर थाना इलाके में शुक्रवार देर रात कुख्यात डकैत मुकेश ठाकुर गैंग के सक्रिय सदस्य रामहरि और यूपी पुलिस में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान रामहरि के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथ मौनी जाट मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी से एक अवैध देशी तमंचा व एक बाइक बरामद की है।

arrest_3.jpg
धौलपुर. राजस्थान और उत्तरप्रदेश के बॉर्डर पर आगरा जिले के जगनेर थाना इलाके में शुक्रवार देर रात कुख्यात डकैत मुकेश ठाकुर गैंग के सक्रिय सदस्य रामहरि और यूपी पुलिस में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान रामहरि के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथ मौनी जाट मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी से एक अवैध देशी तमंचा व एक बाइक बरामद की है। यूपी पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य को खेरागढ़ इलाके में भी गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही।
आगरा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते कई दिनों से धौलपुर का डकैत मुकेश ठाकुर गिरोह उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सक्रिय बना हुआ है। गिरोह की ओर से कई अपराधिक वारदातों को अंजाम दिया गया है। इसे लेकर आगरा पुलिस की ओर से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।शुक्रवार देर रात यूपी पुलिस को सूचना मिली थी कि कई लूट की वारदात को अंजाम देने वाला डकैत मुकेश गिरोह का सक्रिय सदस्य डकैत राम हरि अपने साथी मोनी जाट के साथ धौलपुर और जगनेर के बॉर्डर के आसपास देखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को देख कर आरोपी मौके से भागने लगे और पुलिस पर फायर करने लगे। जबाव में यूपी पुलिस ने भी फायरिंग की गई। पुलिस की फायरिंग में आरोपी डकैत राम हरि के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए आगरा अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार आरोपी राम हरि ने गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई लूट की वारदात को अंजाम दिया है। दस्यु रामहरि पर हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी रामहरि पर धौलपुर जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया गया हुआ है।
खेरागढ़ में दबोचा एक और गिरोह सदस्य
यूपी ने सर्च अभियान के दौरान डकैत मुकेश ठाकुर गिरोह के एक सदस्य को खेरागढ़ से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पड़ताल में गिरफ्तार आरोपी का नाम बलवीर होना बताया जा रहा है, पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
बैंक लूट के वारदात में शामिल थे दो गिरफ्तार आरोपी
यूपी पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए डकैत मुकेश ठाकुर गिरोह के दोनों सदस्य गत दिनों आगरा के इरादतनगर क्षेत्र में हुई बैंक डकैती के वारदात में शामिल थे। इसकी तलाश में यूपी पुलिस ने धौलपुर पुलिस के साथ मिलकर बसेड़ी क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया था।
गिरोह कर चुका है पुलिस पर कई बार फायरिंग
डकैत मुकेश गिरोह की ओर से कई बार पुलिस पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया जाना सामने आया है। पुलिस पकड़ से फरार चल रहे मुकेश ठाकुर गिरोह की ओर से गत वर्ष 29 नवम्बर को मनियां थाना इलाके में पुलिस हैड कांस्टेबल को गोली मारने का मामला सामने आया था। इस दौरान डकैत मुकेश ठाकुर के साथ जो अन्य आरोपी थे। जबकि गत 8 फरवरी को बसेड़ी थाना इलाके में गिरोह की ओर से पुलिस नाकेबंदी के दौरान फायरिंग किया जाना सामने आया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो