script

यहां भाजपा कार्यकारिणी को लेकर उठ रहे हैं सवाल

locationशाहडोलPublished: Jan 16, 2018 11:36:45 am

Submitted by:

Shahdol online

भाजपा कार्यकारिणी में बाहरियों को जगह, महिलाएं-वरिष्ठ दरकिनार

Bhartiya janta party
शहडोल- भाजपा की घोषित जिला कार्यकारणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही अब सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं, घोषित कार्यकारणी में जहां महिलाओं की उपेक्षा की गई है, वहीं कई ऐसे वरिष्ठ भाजपा नेता हैं जिन्हे कार्यकारणी में स्थान नहीं मिलने से उदास और निष्क्रिय दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके सामने अनुशासन आड़े आने के कारण वो बगावत करने से हिचकिचा रहे हैं। प्रदेश भाजपा द्वारा घोषित कार्यकारिणी पारदर्शी नहीं होने और वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपेक्षा का परिणाम आने वाले 2018 के विधानसभा चुनाव परिणामों पर स्पष्ट नजर आने का अनुमान अभी से लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि भाजपा संगठन द्वारा अपनी ही जारी की गई गाइड लाइन की अनदेखी करते हुए कार्यकारणी बनाई गई है, जिससे कार्यकारणी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कार्यकारणी में जहां 9 महिलाओं को शामिल किया जाना था वहीं सिर्फ तीन महिलाओं को जगह दी गई है। इसी तरह से नई कार्यकारणी में लगातार तीसरी बार कोयलांचल के धनपुरी निवासी दौलत मनवानी को जिला उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है।
संगठन के प्रदेश नेतृत्व ने पहले तो अनुपम अवस्थी को बीच कार्यकाल से ही चलता कर इन्द्रजीत छावड़ा को दुबारा अध्यक्ष बना दिया और डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान उन्हें कार्यकारणी का गठन करने तक का मौका नहीं दिया गया। कार्यकारणी में जहां संभागीय मुख्यालय को तरजीह नहीं मिली, वहीं भाजपा के दोनों शीर्ष पद जिला अध्यक्ष और भाजयुमों जिला अध्यक्ष की कुर्सी कोयलांचल को दे दी गई जबकि कई संभागीय मुख्यालय के भाजपा के वरिष्ठ और कद्दावर नेता भाजपा जिला अध्यक्ष पद की दौड़ तक में शामिल रहे हैं, लेकिन भाजपा की अंदरुनी गुटबाजी के चलते उन्हें कार्यकारणी तक में जगह नहीं दी गई। कार्यकारणी में शामिल किए गए उपाध्यक्ष पद पर केपी सिंह के नाम पर सवाल किए जा रहे हैं, बताया गया है कि केपी सिंह सतना जिले के रामनगर तहसील के नवगांव निवासी हैं और वे सतना के वार्ड क्रमांक 18 से जिला पंचायत का चुनाव लड़े थे, जिन्हे शहडोल भाजपा की कार्यकारणी में शामिल किया गया है।
इसी तरह सतीश तिवारी जो कि छावड़ा के करीबी बताए जाते हैं वे लगभग 10 सालों से जिले की पार्टी गतिविधियों से दूर रहकर अमरकंटक में नर्मदे हर सेवा न्यास में सेवाएं दे रहे हैं, उन्हे भी उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है।
पदाधिकारियों को भी दिए गए पद
भाजपा की कार्यकारणी में कई ऐसे सदस्यों के नाम शामिल हैं जो पहले से ही भाजपा के किसी संगठन में पहले से ही पदाधिकारी हैं, इनमें से राजकुमार खरया जो प्रदेश कार्यसमिति व्यापारी प्रकोष्ठ का पद है, उन्हे कोषाध्यक्ष और इनकी पत्नी को महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष आशा खरया हैं, इस तरह एक ही परिवार से दो लोगों को पद दिया गया है। इसी प्रकार कमल प्रताप सिंह प्रदेश सह संयोजक मतदान प्रबंधन समिति भाजयुमों को उपाध्यक्ष और प्रदेश कार्य समिति सदस्य भाजयुमों अमित मिश्रा को जिला मंत्री तथा भाजपा ने एक नया पद सृजित करते हुए प्रदेश के कार्यसमिति सदस्य पदम खेमका को कार्यालय प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष इन्द्रजीत छावड़ा का कहना है कि कार्यकारणी में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है, पार्टी कार्यकर्ताओं से अब तक पद को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है, भाजपा अनुशासित पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है।

ट्रेंडिंग वीडियो