scriptGood News: आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा के 1 हजार पदों पर होगी भर्ती | Good News: Recruitment For 1 thousand RAS and Allied services | Patrika News

Good News: आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा के 1 हजार पदों पर होगी भर्ती

locationअजमेरPublished: Jun 16, 2021 08:06:37 am

Submitted by:

raktim tiwari

कार्मिक विभाग से कुछ विभागीय पदों का लेकर मांगा प्रत्युत्तर। परीक्षण के बाद आयोग जारी करेगा अधिसूचना।

RAS recruitment 2021

RAS recruitment 2021

रक्तिम तिवारी/अजमेर.

प्रदेश में भर्तियों की रफ्तार बढ़ रही है। कार्मिक विभाग ने राजस्थान लोक सेवा आयोग को आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा-2021 की अभ्यर्थना भेजी है। इसमें करीब 1 हजार पद शामिल हैं। आयोग ने कुछ विभागों के पदों को लेकर कार्मिक विभाग से प्रत्युत्तर मांगा है। परीक्षण के बाद इसका विज्ञापन जारी होगा।
प्रदेश आरएएस एवं अधीनस्थ सेवाओं की भर्ती के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षा कराता है। कार्मिक विभाग ने आयोग को आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा-2018 की अभ्यर्थना भेजी थी। इसमें 1051 पद शामिल हैं। इसके बाद पिछले तीन साल से कार्मिक विभाग ने आयोग को आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा की अभ्यर्थना नहीं भेजी है।
मिली 1 हजार पदों की अभ्यर्थना
कार्मिक विभाग ने आयोग को आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा-2021 की अभ्यर्थना भेजी है। इसमें करीब 1 हजार पद शामिल हैं। इनमें आरएएस के 76, आरपीएस के 77, राजस्थान लेखा सेवा के 34 सहित अन्य विभागों के पद हैं। आयोग के अधिकृत सूत्रां के अनुसार कुछ अधीनस्थ सेवाओं के विभागों के पदों को लेकर आयोग ने कार्मिक विभाग को पत्र भेजा है। इसका प्रत्युत्तर मिलने और पदों के अंतिम परीक्षण के बाद विज्ञापन जारी किया जाएगा।
इन विभागों के लिए होगी भर्ती
आरएएस, आरपीएस, लेखा सेवा, राज्य बीमा सेवा, उद्योग सेवा, वाणिज्यिक सेवा, सहकारी, नियोजन, खाद्य एवं नागरिक सेवा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास सेवा, महिला विकास सेवा, अल्पसंख्यक मामलात, आबकारी निरोधक सेवा, पर्यटन, परिवहन, वाणिज्यिक और अन्य विभाग
लगातार रही परीक्षा में अड़चनें
-आरएएस 2012 की भर्ती स्केलिंग के फार्मूले के कारण विवादों में रही। इसमें 1106 पद शामिल थे। -आरएएस 2013 परीक्षा नए पैटर्न और बगैर स्केलिंग फार्मूले के हुई। पेपर लीक और आंदोलन के चलते आयोग को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। इसमें 990 पद शामिल थे।
-आरएएस 2016 की भर्ती 725 पदों के लिए हुई थी। प्री. परीक्षा स्तर पर 15 गुणा से अधिक सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा से बाहर रखने का मामला अदालत पहुंचा था।
-आरएएस 2018 की भर्ती 1051 पदों के लिए कराई जानी है प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न, भूतपूर्व सैनिक व डीसी कैटेगरी में अयोग्य अभ्यर्थियों के चयन, मुख्य परीक्षा में दो गुणा अभ्यर्थियों पास करने की याचिकाएं सिरदर्द बनीं।

ट्रेंडिंग वीडियो