
पुरी की तर्ज पर बनेगा प्रसाद : जगन्नाथ महोत्सव कल से, निकलेगी रथयात्रा
अजमेर. अग्रवाल पंचायत मारवाड़ी धड़ा के तत्वावधान में जनकपुरी गंज में 4 से 11 जुलाई तक जगन्नाथ भगवान रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव गुरुवार को रथयात्रा के साथ प्रारंभ होगा। दिव्य मोरारी बापू, चित्रकूट धाम पुष्कर के गिरीश पाठक, साध्वी अनादि सरस्वती रथ खींचकर यात्रा प्रारंभ करेंगे। मार्ग में भक्त रथ खींचेंगे। संयोजक ललित डीडवाणियां ने बताया कि 5 से 11 जुलाई तक हरीशचन्द व्यास शाम 6 से 7.30 बजे तक जगदीश महात्मय के बारे में बताएंगे। शाम 7.30 बजे भगवान जगन्नाथ की आरती होगी। इस अवसर झांकियां भी सजाई जाएगी।
यहां से गुजरेगी रथयात्रा
राकेश डीडवानियां ने बताया कि रथयात्रा गुरुवार 5.30 बजे जगदीश मन्दिर ऋषि घाटी से प्रारम्भ होकर गंज, आगरा गेट, नया बाजार चौपड, गोल प्याऊ, चूड़ी बाजार, गांधी भवन चौराहा, मदार गेट, नला बाजार, दरगाह बाजार, धान मण्डी, देहली गेट, गंज होते हुये जनकपुरी गंज पहुंचेगी। सचिव छोटेलाल गोयल के अनुसार महोत्सव के दौरान 5 से 7 जुलाई तक नवनीत वशिष्ठ जयपुर नानीबाई के मायरे की कथा का वाचन करेंगे। 8 व 9 जुलाई को भजन संध्या होगी जिसमें निशा गोविन्द जयपुर, उमा लहरी जयपुर भजन प्रस्तुत करेगी। इसी तरह 10 जुलाई को फाग व झूला महोत्सव एवं नौका विहार में विमल गर्ग भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान मनोज एण्ड रिया पार्टी दिल्ली की ओर से झांकियां भी सजाई जाएगी। पुरी की तर्ज पर देशी घी, दूध, चावल, चीनी, मेवा एवं केसर का प्रसाद वितरित किया जाएगा। प्रसाद को विशेष बर्तनों में पकाया जाएगा। महोत्सव के समापन 11 जुलाई को होगा। इस अवसर पर जनकपुरी से विभिन्न मार्गों से होते हुए रथयात्रा ऋषि घाटी स्थित जगदीश मंदिर पहुंचेगी। महोत्सव को लेकर उमेश चन्द जैतारणियां, सुरेशचन्द बीकानेरिया, मुकुल डाणी, दिनेश गोयल, सुरेश गर्ग, मनीष गोयल सहित अन्य को जिम्मेदारियां दी गई हैं।
Published on:
3 Jul 2019, 11:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.