scriptशहर के हर चौराहे पर लगा जाम, गड़बड़ाए ट्रैफिक इंतजाम ! | Jam at every intersection of the city, messed up arrangements | Patrika News

शहर के हर चौराहे पर लगा जाम, गड़बड़ाए ट्रैफिक इंतजाम !

locationअजमेरPublished: Oct 24, 2021 02:38:21 am

Submitted by:

manish Singh

पटवार भर्ती परीक्षा: चरमराई शहर की यातायात व्यवस्था, परेशान हुए लोग
 

शहर के हर चौराहे पर लगा जाम, गड़बड़ाए ट्रैफिक इंतजाम !

शहर के हर चौराहे पर लगा जाम, गड़बड़ाए ट्रैफिक इंतजाम !

अजमेर. पटवार भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को लिए शहरी यातायात संभालने में यातायात पुलिस नाकाम रही। रीट परीक्षा के लिए जिस तरह से ट्रैफिक नियंत्रण के इंतजाम किए गए थे, वैसा इस बार कुछ भी नजर नहीं आया। शनिवार को शहर की हर सड़क, चौराहे पर जाम लगा मिला। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से गड़बडाई रही। शहर का लोकल ट्रैफिक दिनभर रेंगता रहा। देर शाम तक सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही।
50 हजार अभ्यर्थी पहुंचे

पटवार भर्ती परीक्षा के पहले दिन शनिवार को दो पारी में लगभग 50 हजार अभ्यर्थी रोडवेज, प्राइवेट बसों और निजी वाहनों से अजमेर पहुंचे। पहली पारी की परीक्षा समाप्त होते ही शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का रैला उमड़ पड़ा। देखते ही देखते शहर के मुख्य बाजार व सड़कों पर हर तरफ चौपहिया वाहनों की लम्बी-लम्बी कतार नजर आने लगी। दूसरी पारी के बाद भी कचहरी रोड, आगरा गेट, वैशाली नगर, सावित्री चौराहा, केन्द्रीय बस स्टैंड के सामने भीड़ व जाम की स्थिति बनी रही। जाम में आमजन परेशान रहे। केन्द्रीय बस स्टैंड के बाहर बस में चढऩे वाले अभ्यर्थियों की रेलमपेल मची रही।
मुख्य बाजार से गुजरा ट्रैफिक

शहर में मुख्य बाजार से गुजरता यातायात भी बड़ी परेशानी का कारण बना। शनिवार को एलिवेटेड सड़क निर्माण के चलते मार्ग बंद रखा गया। इससे दुपहिया-चौपहिया वाहन चूड़ी, बाजार, नया बाजार चौपड़ होते हुए आगरा गेट से निकाले गए। इससे दिनभर जाम के हालात बने रहे। नया बाजार चौपड़ पर यातायात पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी।
डायवर्जन ने बढ़ाई परेशानी
शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था में लम्बे डायवर्जन बड़ी परेशानी का सबब बने। शहरी जाम में फंसने के बाद भी लम्बी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंच सके। ऐसी ही स्थिति देर शाम तक बनी रही।
सीवरेज निर्माण भी बनी बाधा

शहर में कई स्थान पर सीवरेज व सड़क निर्माण कार्य भी बाधक बने। वैशाली नगर माहेश्वरी पब्लिक स्कूल से पेट्रोल पम्प तक जाम लगा रहा। वैशालीनगर राणा अस्पताल से दिया गया डायवर्जन पूरी तरह फेल रहा। मानसरोवर से आने वाले वाहनों से पेट्रोल पम्प तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहन चालक व यातायात पुलिस कर्मी उलझते नजर आए।
इनके जिम्मे थे इंतजाम
शहर की यातायात व्यवस्था में शनिवार को सीओ ट्रैफिक पार्थ शर्मा के साथ दरगाह वृत्ताधिकारी रघुवीर प्रसाद शर्मा, गंज थानाप्रभारी धर्मवीर सिंह, दरगाह थानाप्रभारी दलबीर सिंह फौजदार, यातायात निरीक्षक नीतू राठौड़ समेत अन्य शामिल थे।
इनका कहना है…

यह सही है कि दिन में थोड़ी परेशानी आई थी। मूल कारण था कि 30 हजार अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र से बाहर आए। उतने ही यहां दूसरी पारी के अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। कुछ पाइंट चिह्नित किए हैं। जहां व्यवस्था का रिव्यू कर सुधार के प्रयास किए जाएंगे।
पार्थ शर्मा, उप अधीक्षक (यातायात)

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो