scriptJanmashtami: शुरु हुई घरों और मंदिरों में सजावट, नंद के घर आएंगे कन्हैया | Janmashtami: Prepration start on lord krishna birth in ajmer | Patrika News

Janmashtami: शुरु हुई घरों और मंदिरों में सजावट, नंद के घर आएंगे कन्हैया

locationअजमेरPublished: Aug 12, 2020 11:22:54 am

Submitted by:

raktim tiwari

कोरोना संक्रमण के चलते नहीं होंगे सार्वजनिक कार्यक्रम। घरों और मंदिरों में सजावट का काम शुरू हो चुका है।

janmashtami prepration

janmashtami prepration

अजमेर.

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई है। घरों और मंदिरों में सजावट का काम शुरू हो चुका है। पान, मोगरे और गुलाब के पुष्प, दूब और अन्य सामग्री से सजावट की जा रही है। कोरोना संक्रमण के चलते शहर में कहीं सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे। मंदिर बंद होने से श्रद्धालुओं की मौजूदगी नहीं होगी। पुजारी ही अद्र्ध रात्रि को जन्म आरती कराएंगे।
भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते नवरात्र, रक्षाबंधन और अन्य पर्वों की तरह जन्माष्टमी पर भी मंदिरों, सार्वजनिक स्थानों पर रौनक नहीं दिखेगी। इस साल आजाद पार्क में मथुरा-वृंदावन सा नजारा नहीं दिखेगा। नगर निगम के तत्वावधान में झांकियां नहीं सजेंगी।
शुरू हुई घरों-मंदिरों में सजावट
कन्हैया के धरती पर जन्म लेने पर अद्र्ध रात्रि 12 बजे महाजन्म आरती होगी। साथ ही पंजरी-मिश्री-दही युक्त विशेष प्रसाद वितरण होगा। लोग यशोदानंदन के दर्शन कर व्रत-उपवास खोलेंगे। श्री सांवरिया सेठ मंडल पुरानी मंडी के तत्वावधान में अद्र्धचंदेश्वर महादेव और श्री सगाई वाले बालाजी शिवबाग मंदिर में सजावट शुरू हो चुकी है। पान के पत्तों, मोगरे और गुलाब के फूलों, दूब, रंगबिरंगी लाइटों से मंदिरों को सजाया जा रहा है। यहां अद्र्धरात्रि में पंचामृत स्नान, कान्हा के बधाई गीत, विशेष श्रृंगार, पंचामृत से स्नान एवं जन्म के बाद भोग लगाया जाएगा।
नंद के घर आएंगे कन्हैया
प्रेम प्रकाश आश्रम मार्ग वैशालीनगर स्थित झूलेलाल मंदिर, श्री निम्बार्कगोपीजन वल्लभ मंदिर निम्बार्क कोट मंदिर में जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां जारी हैं। रात्रि में महा-आरती कर प्रसाद वितरण होगा। पुष्पों का फूल बंगला बनाया जा रहा है। श्री नगर रोड स्थित हालाणी दरबार में गोपाल सहस्र नाम का पाठ किया जाएगा। भगवान श्री कृष्ण को माखन मिश्री का भोग लगाया जाएगा। श्री राधा कृष्ण चेरिटेबल ट्रस्ट नाका मदार के तत्वावधान में कृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां हो रही हैं। राधा गोविंद धाम में बधाई गीत पेश किए जाएंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो